बांकेबिहारी की प्राकट्य स्थली निधिवन
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा के वृंदावन में पिछले दिनों निधिवन में दीवार फांदकर वीडियो शूट करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। वहीं इस घटना के बाद हिंदूवादी संगठनों ने रोष है। उन्होंने शनिवार को निधिवनराज मंदिर का गंगाजल से शुद्धिकरण किया।
धर्म रक्षा संघ के तत्वावधान में श्री हरिदास पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर राधा प्रसाद देव के नेतृत्व में निधिवनराज मंदिर का शुद्धिकरण किया गया। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ गौड़ ने कहा कि गौरव शर्मा एवं उसके साथियों ने जिस प्रकार जूते पहनकर रात में चोरों की भांति निधिवनराज में प्रवेश किया, यह हमारी प्राचीन परंपरा को तोड़ने के साथ हमारी आस्था एवं भावना के साथ खिलवाड़ है।
संबंधित खबर- वृंदावन में आस्था से खिलवाड़: रात में बनाया निधिवन का वीडियो, चार यू-ट्यूबर्स के खिलाफ मुकदमा
मंदिर के सेवा अधिकारी भीकचंद्र गोस्वामी ने घटनाक्रम की जानकारी दी। राधा प्रसाद देव ने कहा कि इतिहास में पहली बार किसी विधर्मी व्यक्ति ने निधिवनराज में रात में प्रवेश कर वीडियो बनाकर हमारी आस्था को और विश्वास को चोट पहुंचाई है। इस अपराध के लिए आरोपियों को कड़ा दंड मिलना चाहिए।
महंत रघुनाथ दास, महंत मोहिनी बिहारी शरण, नीलम गोस्वामी व महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कहा कि ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर आचार्य बद्रीश, रविकांत गौतम, विष्णु पाठक, स्वामी सत्यमित्रानंद, भुवनेश्वर शर्मा, ममता शर्मा, मीना गुप्ता, सुलेखा बंसल, सोनिया पीहू दास, संतरा देवी आदि लोग मौजूद थे।