फोटो18हरि की पौड़ी में गंगा स्नान करते श्रद्धालु। संवाद
कासगंज/सोरोंजी/गंजडुंडवारा। चैत्र अमावस्या पर बुधवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर परिवार की खुशहाली की कामना की। श्रद्धालु कछला, सोरोंजी के हरि की पौड़ी, लहरा और कादरगंज गंगाघाट पर स्नान के लिए पहुंचे।
सोरोंजी के हरि की पौड़ी घाट पर राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात सहित अन्य जनपदों से कई श्रद्धालु आए। भोर से ही गंगा स्नान शुरू हो गया। स्नान के दौरान श्रद्धालु ''''हर हर गंगे'''' के जयकारे लगा रहे थे। पूर्वजों की आत्म शांति के लिए तीर्थ पुरोहितों से पूजन अनुष्ठान कराया गया। पुरोहितों को दान दक्षिणा देने के बाद श्रद्धालुओं ने हरि की पौड़ी की परिक्रमा की। हरि नाम का संकीर्तन करते हुए परिक्रमा मार्ग में बैठे गरीब निर्धनों को वस्त्र और अनाज भी दान किया।
भगवान वराह के किए दर्शन
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने क्षेत्राधीश वराह मंदिर पहुंचकर भगवान वराह के दर्शन किए। उन्होंने प्रसाद चढ़ाया और खुशहाली व समृद्धि का आशीष मांगा। श्रद्धालुओं ने बालाजी दरबार, रघुनाथजी, सोमेश्वर दरबार, सिद्ध हनुमान, द्वारिकाधीश, मानस मंदिर, शनि मंदिर, सिद्ध विनायक, राधा कृष्ण, गंगा माता सहित कई मंदिरों के दर्शन किए। श्रद्धालु योगमार्ग स्थित महेश दयानंद सोहम आश्रम, प्रेमी बाबा आश्रम, भक्त आश्रम, अमृतानंद आदि आश्रमों में भी पहुंचे। इनमें संतों के लिए अन्न क्षेत्र का आयोजन किया गया है।