डेंगू का प्रकोप जारी है। एसएन मेडिकल कॉलेज से लेकर निजी अस्पतालों तक में इन दिनों मरीज डेंगू ग्रस्त मिल रहे हैं। खास बात ये है कि डेंगू के लक्षण इस बार कुछ बदले हुए हैं। ऐसे में डॉक्टर ने सलाह दी है कि यदि बुखार के साथ सिर और पेट में दर्द है तो तुरंत ही डॉक्टर को दिखाएं।
आगरा में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। बुखार नहीं उतरने पर जांच कराने पर मरीजों में डेंगू भी मिल रहा है। शुक्रवार को 14 नमूनों की जांच में 4 में डेंगू की पुष्टि हुई। अभी तक एक दिन में सर्वाधिक 4 मरीज मिले हैं। बीते 12 दिन में 25 मरीज मिल चुके हैं। इनमें तेज बुखार के साथ पेट और सिर दर्द की परेशानी अधिक मिल रही है। उल्टी और चकत्ते होने पर 3 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं।
इनमें हुई डेंगू की पुष्टी
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि बिचपुरी में 32 साल का युवक, आरबीएस कैंपस खंदारी में 47 का व्यक्ति, केदार नगर में 10 साल का बच्चा और दयालबाग में 19 साल के युवक में डेंगू मिला है। इनके घर टीम के सर्वे करने पर ड्रम और कूलर की टंकी के पानी में डेंगू का लारवा भी मिला।
डेंगू से बचाव के लिए क्या करें?
डेंगू से बचाव के लिए मच्छरों को काटने से बचाव करते रहना जरूरी है। डेंगू के मच्छर दिन के समय अधिक काटते हैं। दिन के समय में दरवाजे और खिड़कियों को बंद रखें जिससे घर में मच्छरों के प्रवेश के कम किया जा सके। पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें, जिससे मच्छरों के काटने से बचा जा सके। इसके अलावा मच्छरों से बचाव के लिए घर के आसपास साफ-सफाई रखें और रात में सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें।