आगरा में डेंगू ने दस्तक दे दी। बुधवार को बालक समेत दो मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनका इलाज एसएन मेडिकल कॉलेज के डेंगू वार्ड में चल रहा है। नौ संदिग्ध मरीज भर्ती हैं। इनका रक्त का नमूना जांच के लिए वायरोलोजी लैब भेजा गया है। वहीं डेंग की दस्तक से स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं फिर बढ़ गई हैं।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि डेंगू वार्ड में आगरा के नौ मरीज भर्ती हैं, इसमें से बाह निवासी 30 साल के युवक और धनौली निवासी 12 साल के बालक में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनकी हालत ठीक है। बाकी के बुखार के सात मरीज संदिग्ध और दो संभावित मरीज हैं। इनके नमूनों की जांच कराई जा रही है। चिकित्सकों की रोस्टर प्लान से ड्यूटी लगाई है। नर्सिंग स्टाफ और जूनियर डॉक्टरों को प्रशिक्षण भी दिया है।
फिरोजाबाद दो, मथुरा-शिकोहाबाद के एक-एक मरीज में डेंगू की पुष्टि
एसएन मेडिकल कॉलेज के डेंगू वार्ड में अभी कुल 29 मरीज भर्ती हैं। इनमें से छह डेंगू के हैं बाकी के 23 संदिग्ध मरीज हैं। डेंगू में दो आगरा के, फिरोजाबाद के दो बच्चों और शिकोहाबाद के अधेड़ मरीज में डेंगू की पुष्टि हुई है। फिरोजाबाद के 13 मरीज संदिग्ध हैं।
मरीजों के घर फॉगिंग कराते हुए स्क्रीनिंग भी की: जिला मलेरिया अधिकारी
जिला मलेरिया अधिकारी आरके दीक्षित ने बताया कि डेंगू और संदिग्ध मरीजों के घर पर फॉगिंग और एंटी लारर्वा का छिड़काव कराया है। एक के यहां लारवा मिला, उसे नष्ट कराया गया है। परिजनों की भी स्क्रीनिंग की है। सभी की हालत ठीक है।
नोटिफिकेशन की यह सरकारी गाइड लाइन
संदिग्ध: बुखार के साथ 50 हजार से कम प्लेटलेट्स
संभावित: बुखार, 50 हजार प्लेटलेट्स से कम और एनएस1 पॉजिटिव
पुष्टि: आईजीएम टेस्ट पॉजिटिव, यह बुखार के तीन से पांच दिन में होता है
डेंगू वार्ड में यह हैं भर्ती
शहर डेंगू संदिग्ध संभावित
आगरा 02 07 02
फिरोजाबाद 02 05 08
शिकोहाबाद 01 - -
मथुरा 01 - 01
फिरोजाबाद में बुखार-डेंगू का कहर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीएमओ को हटाया