आगरा के मोबाइल टावरों से बीटीएस प्लेट चोरी करने के बाद गैंग दिल्ली के स्क्रैप कारोबारी को बेच देता था। स्क्रैप कारोबारी प्लेट की बिक्री दुबई की पार्टियों को दोगुनी कीमत में करता था। पानी के जहाज से यह दुबई पहुंचा दी जाती थीं। पुलिस ने बुधवार को स्क्रैप कारोबारी को गिरफ्तार कर यह खुलासा किया था। उससे प्लेट बरामद हुई हैं।
एसपी आरए पश्चिमी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि अछनेरा, सैंया, ताजगंज सहित अन्य इलाकों में मोबाइल टावरों से बेस ट्रांसीवर स्टेशन (बीटीएस) प्लेट चोरी हुई थीं। पिछले दिनों पुलिस ने पांच-छह चोरों को पकड़कर जेल भेज दिया था। इनमें पूर्व में मोबाइल टावर लगाने का कार्य करने वाले कंपनी के कर्मचारी भी शामिल थे। उन्होंने कई और खरीदारों की जानकारी दी थी।
पुलिस ने बुधवार रात को बरामद की थीं बीटीएस प्लेट
बुधवार रात को अपराधी खुफिया शाखा, स्वाट टीम और अछनेरा पुलिस की चेकिंग में एक अल्टो कार को रोका गया। कार की तलाशी में 15 मोबाइल टावर की बीटीएस प्लेट, 21110 रुपये बरामद किए गए। कार सवार प्लेट के बिल नहीं दिखा सके। इस पर पूछताछ की गई। उन्होंने चोरी की बीटीएस प्लेट खरीदने के बारे में बताया। यह प्लेट मोबाइल टावर में लगी थीं। इसकी मदद से किसी व्यक्ति की कॉल आने पर लोकेशन पता की जा सकती है। इस वजह से यह प्लेट महंगी होती हैं।