टूंडला। रिश्तेदारी में हुई मौत पर शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहे बाइक सवार मां-बेटे को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। मां की मौके पर ही मौत हो गई वहीं बेटा घायल हो गया। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
आगरा के थाना व कस्बा एत्मादपुर के मोहल्ला सत्ता निवासी कौशल बघेल पुत्र आनंद सिंह बघेल के फिरोजाबाद निवासी ममिया ससुर की मौत की मौत हो गई थी। इस पर वह बाइक से अपनी मां पुष्पादेवी (45) को साथ लेकर शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहे थे। बाइक बुधवार शाम सात बजे करीब जैसे ही आगरा हाइवे स्थित मुल्तानसिंह कालेज के सामने पहुंची तभी पीछे से तेज गति से आए अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में पुष्पा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। कौशल को मामूली चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला की मौत की खबर परिजनों को लगी तो वे पहुंच गए। वरिष्ठ उपनिरीक्षक छत्रपाल सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सीसीटीवी कैमरोें के आधार पर वाहन की तलाश की जा रही है। जल्द ही वाहन को पकड़कर आरोपी को गिरफ्तार किया जायेगा।