ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। गमगीन माहौल में सुमित और दयानंद का अंतिम संस्कार किया गया। पतियों को खोने के बाद मंजू और अर्चना बदहवास हैं। एक ही घर के आंगन में साथ खेली और बड़ी हुईं अर्चना और मंजू शादी के बाद भी दूर नहीं हुई थी। घिरोर क्षेत्र के गांव खाडरे निवासी मंजू की शादी दयानंद शाक्य निवासी गांव बेंगाई और बहन अर्चना की शादी गांव चिरैयापुर कनिकपुर बरनाहल निवासी सुमित कुमार (25) के साथ हुई थी। दोनों के पति बरेली डिपो में संविदा पर चालक और परिचालक थे।
बुधवार शाम सुमित और दयानंद की हादसे में मौत की खबर ने दोनों बहनों की खुशियां छीन ली। कभी एक दूसरे के सुख दुख में साथ खड़ी होने वाली बहनें सुहाग उजड़ने के बाद बस रोए जा रही हैं।
दवा लेने आए थे दोनों
थाना बरनाहल क्षेत्र के गांव बेंगाई निवासी दयानंद (28) बुधवार को अपने साथी गांव चिरैयापुर कनिकपुर निवासी सुमित कुमार (25) के साथ मैनपुरी दवा लेने के लिए आए थे। शाम के समय दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। बाइक जब आगरा मैनपुरी मार्ग थाना दन्नाहार क्षेत्र में बटरौली मोड़ के पास पहुंची। तभी किसी तरह से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। दोनों के सिर में गंभीर चोट लगीं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
रोडवेज में संविदाकर्मी थे दयानंद और सुमित
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक रोडवेज में संविदा पर तैनात थे। बरेली डिपो में सुमित चालक और दयानंद परिचालक था। वह लोग छुट्टी पर गांव आए हुए थे और बुधवार को बाइक पर साथ ही दवा लेने शहर आए थे। वापस लौटते समय दोनों सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।