आगरा के फतेहाबाद कस्बे से बृहस्पतिवार की रात डेयरी बंद कर घर जा रहे दूधिया की रास्ते में जान लेने की कोशिश की गई। उसके ऊपर गोलियां दागी गईं। निशाना चूकने से वह बाल-बाल बचा। गोली कार के पिछले हिस्से में लगी। हमले की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी। एक साल पहले दूधिया के छोटे भाई की गोली मारकर हत्या की गई थी।
फतेहाबाद थाना क्षेत्र के प्रतापपुरा गांव निवासी रामू उर्फ रामकुमार ने पुलिस को बताया कि रोजाना की तरह वह बृहस्पतिवार की रात करीब 9:15 बजे फतेहाबाद कस्बे से अपनी डेयरी बंद कर कार से गांव के प्रमोद सिंह के साथ घर जा रहा था। गांव से करीब 400 मीटर पहले बाइक सवार लोगों ने गाली गलौज करते हुए उस पर फायरिंग कर दी।
ये भी पढ़ें - UP: फंदे पर लटकी लाश, पैरों से बहता खून..करवाचौथ से पहले ऐसे हुई पति की मौत, कांप गई वो; 4 माह पहले हुई थी शादी
गोली कार के पिछले हिस्से में लगी। गोलियां दागने के बाद हमलावर बाइक को मोड़कर भाग गए। रामू के मुताबिक 13 नवंबर 2024 को आरोपी ने ही उसके भाई मोनू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी जेल से छूटा है। उसने अपने साथी के साथ उसकी भी हत्या की कोशिश की। बाइक चलाने वाले ने अपने मुंह पर मास्क लगा रखा था। मामले में प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद ने बताया कि फायरिंग की सूचना पर मौके पर गए थे। मामला संदिग्ध लग रहा है। प्रकरण की जांच की जा रही है।