क्लोन एटीएम कार्ड से निकले एक लाख रुपये
सदर के सीओडी निवासी छोटेलाल एक स्कूल में प्रधानाचार्य हैं। इन दिनों बीमार चल रहे हैं। उनके बेटे सुमित ने पुलिस को बताया कि तीन अगस्त को पिता का मोबाइल चेक किया। उसमें बैंक के मैसेज थे। यह खाते से 22 और 26 जुलाई को 25-25 हजार रुपये और तीन अगस्त को 25 हजार रुपये निकलने के थे। रात होने की वजह से वह बैंक नहीं जा सके। चार अगस्त को मोबाइल चेक किया तो 25 हजार रुपये और निकल गए। उनके खाते से चार बार में एक लाख रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने पुलिस से शिकायत की है। थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल का कहना है कि छोटेलाल ने मधु नगर स्थित एटीएम से 13 जुलाई को रकम निकाली थी। इसके बाद एटीएम का इस्तेमाल नहीं किया गया है। एटीएम उनके पास ही है। आशंका है कि क्लोन एटीएम कार्ड से रकम निकाली गई है।
पुलिस चला रही जागरूकता अभियान
एडीजी जोन राजीव कृष्ण साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चला रहे हैं। ऑनलाइन यूट्यूब पर एडीजी जोन आगरा के चैनल से जुड़कर लाइव प्रसारण देख जा सकता है। इसमें एक्सपर्ट लोगों को साइबर अपराध के नए-नए तरीकों से बचने के प्रति सचेत कर रहे हैं।
अनजान नंबर से आने वाले कॉल पर नहीं करें भरोसा
एडीजी जोन राजीव कृष्ण ने बताया कि फोन पर परिचित, दोस्त, रिश्तेदार बनकर कॉल करने वाले साइबर अपराधी हो सकते हैं। इसलिए जो व्यक्ति रुपये भेजने की बात कर रहा है, उससे सावधान रहें। उसके अपने पास दर्ज नंबर पर कॉल करना चाहिए। ई-वॉलेट में आने वाले मैसेज को ठीक से पढ़ना चाहिए। साइबर अपराधी आपके खाते में रकम भेजने के बजाय, रकम निकालने के लिए मैसेज भेजते हैं।
यूपी: जागरुकता जरूरी, 31 महीने में दर्ज हुए साइबर अपराध के 27 हजार केस