मैनपुरी के भोगांव क्षेत्र में सट्टे का नंबर आने के बाद रुपये लेने आए युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में आरोपी पिता और पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला पथरिया निवासी 20 वर्षीय विजय पाल पुत्र विद्याराम ट्रक चालक था। करीब 15 दिन पूर्व वो गांव आया था। रविवार की शाम वो घर से कुछ दूरी पर प्लाट में पड़ा मिला था। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि की।
मृतक के भाई तेजपाल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा कि मोहल्ले का ही एक व्यक्ति सट्टा लगवाता है। रविवार को विजय ने हजारों रुपये जीते थे। शाम के समय वो रुपये लेने के लिए गया तो उसकी पीट पीटकर हत्या कर दी गई। सट्टा कारोबारी मुन्ना लाल, उसके पुत्र विशाल, सोनू के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपी मुन्नालाल और विशाल को गिरफ्तार कर लिया है।