मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के गोलाबाजार इलाके में एक युवक को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप उसी क्षेत्र की युवती पर है। युवक का कहना है कि युवती ने फोटो मार्फिंग के जरिए उसके परिवार में कलह पैदा कर दी है। अब 20 लाख रुपये मांग रही है। युवक के पीड़ित परिवारीजन मंगलवार को एसपी राजेश एस से मिले और उनसे मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की।
बताया गया है कि मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के गोलाबाजार निवासी जुबैर खान एक बच्चे के पिता हैं। उनका कहना है कि छह माह से एक युवती उन्हें परेशान कर रही है। आरोप है कि उसने जुबेर के साथ अपनी फोटो को लगाकर परिवार परामर्श केंद्र में भी वाद दायर कर दिया है।
पिछली तारीख पर जब उसे साक्ष्य के साथ आने को कहा गया तो वह परामर्श केंद्र नहीं पहुंची। वहीं, जुबेर की पत्नी का कहना है कि युवती बेवजह पति को बदनाम और परेशान कर रही है और जो फोटो वह दिखा रही है, वह एडिट किया गया है। पति का कभी उस युवती से कोई संबंध नहीं रहा है। आरोप है कि मामले के निपटारे के लिए 20 लाख की मांग भी की जा रही है।