राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) आगरा फोर्ट ने रविवार रात को पांच बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उनके तीन साथी भाग गए। बदमाश अवध एक्सप्रेस में डकैती डालने की साजिश कर रहे थे। पूछताछ में बदमाशों ने लूट की कई वारदात कबूल की हैं। इसके अलावा सदर की एक गैस एजेंसी से कैश लूटने के लिए वे रेकी भी कर चुके थे। मामले में सीओ सदर असीम चौधरी ने इनसे पूछताछ की।
एसपी जीआरपी गोपेशनाथ खन्ना ने सोमवार को जीआरपी लाइन में बताया कि एसओजी प्रभारी हरिओम सिंह ने आगरा फोर्ट जीआरपी की तीन टीमों के साथ यमुना ब्रिज टीले के पास से नगला भवानी सिंह, सदर निवासी सुनील यादव, गोपालपुरा, सदर निवासी तन्नू उर्फ नितिन व आकाश चौहान, श्याम नगर, एत्माद्दौला निवासी बबलू, फीरोजाबाद निवासी भूरा उर्फ रियाज को पकड़ा। पूछताछ में लुटेरों ने बताया कि नौ जनवरी को छत्ता के जीवनी मंडी में रिलायंस कर्मियों से दो लाख, 27 दिसंबर को वाटर वर्क्स चौराहे पर राहगीर से 15 हजार, तीन जनवरी को रामबाग में एक व्यक्ति से 18 हजार, नौ जनवरी को सदर में बैग की लूट की थी। बदमाशों के पास से 20 हजार रुपये, तीन तमंचे, चाकू और अन्य सामान बरामद किया गया है।
कैंट पर पकड़ा शातिर चोर
आगरा कैंट जीआरपी ने ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले धौलपुर निवासी विमल उर्फ मुकेश को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर देवेंद्र मिश्र ने बताया कि उसके पास से चोरी का मोबाइल, चाकू और अन्य सामान बरामद हुआ है। पिछले दिनों मालवा एक्सप्रेस से मध्य प्रदेश की महिला का बैग चोरी किया था। उसके खिलाफ जीआरपी में कई मुकदमे दर्ज हैं।