मथुरा जिले के वृंदावन क्षेत्र में चोरों ने सोमवार की रात सहकारी बैंक को निशाना बनाया। मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे चारों ने लॉकर तोड़ने की कोशिश की, लेकिन अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। इसके बाद बैंक में रखे तीन कम्प्यूटर चोरी कर ले गए। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
घटना थाना वृंदावन क्षेत्र के पत्थरपुरा स्थित सहकारी बैंक की है। स्थानीय लोगों ने मंगलवार की सुबह सहकारी बैंक के ताले टूटे देखे तो हैरान रह गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैंक अधिकारियों को बुलाकर घटनास्थल पर छानबीन की। बैंक में तीन कम्प्यूटर गायब हैं।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर रमेश कुमार तिवारी ने बताया कि सहकारी बैंक की शाखा में चोरी की कोशिश की गई है। चैनल गेट तोड़कर चोर बैंक शाखा में घुस गए थे। तीन कम्प्यूटर मॉनीटर चोरी हुए हैं। नकदी सुरक्षित है। इस मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।