आगरा में पुलिस सुस्त और बदमाश मस्त हैं। यह बात अब लोगों की जुबां पर है। तभी तो 18 घंटे के अंदर डकैती की दूसरी वारदात हो गई। यहां भी बुधवार जैसा ही हुआ। बदमाश घर में घुसे और अंदर मौजूद लोगों को बंधक बनाया। इसके बाद इत्मीनान से लूटकर भाग गए।
बता दें कि बुधवार को आगरा के थाना जगदीशपुरा की बोदला पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर सिकंदरा रोड पर एमएस काम्प्लेक्स में दोपहर 1.30 बजे डकैती की वारदात हुई। यहां बदमाशों ने टांसपोर्टर मदन गोपाल शर्मा के घर में घुसकर ट्रांसपोर्टर और उनकी वृद्ध मां को बंधक बनाया और 1.5 लाख रुपये और सोने के जेवरात लूट ले गए।
गौर करने वाली बात यह है कि भरे बाजार में बदमाश 30 मिनट तक इत्मीनान से लूटपाट करते रहे। उन्होंने ट्रांसपोर्टर और उनकी मां के हाथ साड़ी से बांध दिए। बाद में बाथरूम में बंद करने के बाद भाग निकले।
वहीं गुरुवार सुबह आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र की महर्षि पुरम कालोनी में डाक्टर अतुल बंसल और डाक्टर आरती बंसल के घर में भी लूट ऐसे ही हुई। गुरुवार को सुबह करीब 10:30 बजे उनके भाई एडवोकेट दीपक बंसल की पत्नी तनूजा बंसल घर पर अकेली थीं। इसी दौरान बाइक पर चार बदमाश आए और बता करते-करते तीन बदमाश अंदर चले गए। अंदर घुसे बदमाशों ने तनूजा को गन प्वाइंट पर लेकर घर में लूटपाट शुरू कर दी।
गर्भवती तनूजा ने हिम्मत दिखाई। वे बाहर आ गईं और शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद भी बदमाशों के हौसले पस्त नहीं हुए। सीसीटीवी फुटेज से यह साफ हुआ कि लूट के बाद बदमाश बिल्कुल इत्मीनान से तमंचा लहराते हुए लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग गए। इस दौरान जरा भी यह महसूस नहीं हुआ कि बदमाशों को पकड़े जाने का डर भी है।