सुहागनगरी में फिरोजाबाद में आधी आबादी आफत में है। यहां के थाना रसूलपुर क्षेत्र में युवक ने पांच वर्षीय बालिका के साथ दुराचार का प्रयास किया। वहीं मक्खनपुर क्षेत्र में खेत पर चारा लेने गई किशोरी के साथ युवक ने छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। किशोरी ने घर आकर घटना की जानकारी दी तो परिजनों ने युवक को दबोचकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
पहला मामला थाना रसूलपुर क्षेत्र में मंगलवार की रात्रि को करीब दस बजे हुआ। पांच वर्षीय बालिका परिजनों के साथ गणेश पंडाल में आरती में शामिल होने गई थी। मोहल्ले का ही युवक विकास उर्फ विक्की (19) बालिका को पीछे बगीची में ले गया।
उसने बालिका से दुष्कर्म की कोशिश की। बालिका के रोने की आवाज को सुनकर काफी लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने युवक को दबोच लिया। पुलिस ने बालिका का मेडिकल कराया है। गलत हरकत करने के आरोपी युवक को जेल भेजा है।
दूसरा मामला थाना मक्खनपुर क्षेत्र का है। मंगलवार की शाम करीब पांच बजे किशोरी खेत पर चारा काटने के लिए गई थी। चारा काटने के दौरान सुंदर पाल दिवाकर (24) ने किशोरी को पकड़ लिया। दुष्कर्म की कोशिश की। किशोरी किसी तरह उसके चंगुल से मुक्त होकर घर पहुची।
परिवारीजनों को जानकारी दी। परिवार के लोगों ने पुलिस को घटना के बारे में बताया। इसके बाद युवक को गिरफ्तार कर लिया। किशोरी का मेडिकल कराया है। प्रभारी निरीक्षक मक्खनपुर ने कहा आरोपी युवक को गिरफ्तार करके जेल भेजा है।