आगरा फोर्ट स्टेशन के पार्सल में छापा, तीन कर्मचारी सस्पेंड
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
रेलवे के पार्सल में भारी गड़बड़ियां चल रही हैं। रेलवे अधिकारियों ने मंगलवार को जब छापा मारा तो रंगे हाथ कर्मचारियों की गड़बड़ियां पकड़ ली गईं। आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर डीसीएम को छापे में 200 पार्सल बुक मिले, जिनकी बिल्टी भी बनाई जा चुकी थी, लेकिन मौके पर एक भी पार्सल नहीं मिला। पार्सल के तीन कर्मचारियों को इन गड़बड़ियों पर सस्पेंड कर दिया गया है।
स्टेशन पर दोपहर में कामर्शियल विभाग के डीसीएम नीरज भटनागर के नेतृत्व में छापा मारा गया। इसमें बिल्टियां पकड़ी गईं, माल देखा तो स्टेशन पर मौजूद नहीं था। तब यह पूरा खेल समझ में आया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, फोर्ट के सीपीएस धर्मेंद्र सिंह ने फोर्ट स्टेशन से बांद्रा टर्मिनस के लिए 200 पार्सल बुक करा दिए। अवध एक्सप्रेस से यह माल बांद्रा टर्मिनस के लिए रात में जाना था, लेकिन बिल्टी बनाने के बाद भी यह माल स्टेशन पर मौजूद ही नहीं था। डीसीएम ने धर्मेंद्र सिंह, बीके त्रिपाठी और हरजीत को इस मामले में सस्पेंड कर दिया है।
यह पहला मौका नहीं है, जब पार्सल में गड़बड़ी सामने आई हो। इससे पहले आगरा फोर्ट स्टेशन पर ही दो महीने पहले विजिलेंस की टीम ने त्रिकुरल एक्सप्रेस में पार्सल रात में बुक कराए गए थे। शाम को पांच बजे के बाद पार्सल की बुकिंग होती ही नहीं है, लेकिन फोर्ट पर रात में बुकिंग से लेकर बिल्टी तक बनाई गई।