शमसाबाद में जहरीली शराब से पांच लोगों की मौत के बाद आबकारी विभाग की नींद
खुली। शुक्रवार शाम रिंग रोड और प्रतापपुरा में शराब की दो दुकानों पर
छापेमारी करके हरियाणा की शराब बरामद की। दोनों दुकानों पर तस्करी की शराब
बेची जा रही थी। आबकारी विभाग ने दोनों दुकान को सील करके मुकदमे दर्ज कराए
हैं। चार लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है।
शमसाबाद में एक
हफ्ते में जहरीली शराब के सेवन से पांच लोगों की मौत के बाद हड़कंप मचा हुआ
है। शुक्रवार शाम आबकारी विभाग की टीम ने हरियाणा की शराब बेचने की शिकायत
पर रिंग रोड स्थित राजन सिंह भदौरिया की शराब की दुकान पर छापा मारा। यहां
से तीन बोरों में भरी अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की। आबकारी निरीक्षक
मुकेश यादव ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि दुकान पर हरियाणा से तस्करी
करके लाई गई शराब बेची जा रही थी। मुकदमे में राजन सिंह और सेल्समैन
धर्मेंद्र व शैलेंद्र के खिलाफ शराब तस्करी और धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज
कराई गई है। पुलिस ने सेल्समैन धर्मेंद्र को गिरफ्तार करके जेल भेजा है।
दूसरी
ओर आबकारी निरीक्षक ने विजेता कांप्लेक्स प्रतापपुरा में बीयर शॉप पर छापा
मारकर हरियाणा से लाई गई बीयर बरामद की। यहां से प्रकाश नगर के हेमपाल,
लाइसेंस धारक धर्मेंद्र सिंह और हरिओम को गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ
थाना सदर में मुकदमा दर्ज कराया गया। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि दुकानों
को सील करने के साथ ही इनके लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जा रही है।
बार में भी परोसी जा रही तस्करी की शराब
हरियाणा
और राजस्थान से तस्करी करके लाई जाने वाली शराब शहर की ज्यादातर दुकानों
में बेची जा रही है। बार में भी इस शराब को परोसा जा रहा है। कई दफा लोगों
ने शिकायत की है, लेकिन आबकारी विभाग ने कभी जांच करने की जहमत नहीं उठाई।