भोगांव में पुलिस चेकिंग के दौरान कार से नेमप्लेट हटवाई
मैनपुरी जिले में आदर्श आचार संहिता लागू होते के बाद पुलिस प्रशासन की लगातार चेकिंग अभियान चला रहा है। करहल में चेकिंग टीम ने दो वाहनों से तीन लाख रुपये जब्त किए हैं, वहीं भोगांव में कार से जेल विजिटर लिखी प्लेट हटवाई है।
करहल क्षेत्र में इटावा-मैनपुरी हाईवे पर मंगलवार को पुलिस और चेकिंग टीम ने कई वाहनों को चेक किया। टीम ने अनिल कुमार निवासी गांव गूरा थान तिर्वा कन्नौज की कार से दो लाख रुपये की नकदी और सुरेंद्र प्रताप निवासी आवास विकास, इटावा की कार से एक लाख चार हजार रुपये की नकदी बरामद की।
दोनों ही बरामद की गई धनराशि के संबंध में टीम को कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने नकदी को जब्त कर लिया है। वहीं भोगांव में चेकिंग के दौरान कार पर लगी जेल विजिटर जिला जेल फतेहगढ़ की प्लेट हटवाई गई।
चेकिंग टीम के अनुसार चालक जेल विजिटर के होने का पूरा प्रमाण नहीं दे सका। प्रभारी निरीक्षक पीआर शर्मा ने बताया कि किसी भी गाड़ी पर राजनीतिक झंडा लगा पाया जाएगा या फिर किसी दल की तख्ती पाई जाएगी दोनों वाहन स्वामी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।