आगरा के थाना कोतवाली और छत्ता क्षेत्र स्थित कश्मीरी बाजार के सात कोठों पर छापा मारकर पुलिस ने 21 संचालिका एवं सहयोगी महिलाएं, 11 पीड़ित महिलाएं और 11 ग्राहकों को पकड़ा है। इनके खिलाफ शुक्रवार देर रात थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रयागराज की गुड़िया संस्था ने पुलिस को सूचना दी थी कि कश्मीरी बाजार में कोठों पर देह व्यापार हो रहा है। इस पर पुलिस और संस्था के सदस्य चार दिन से रेकी कर रहे थे। पुलिस ग्राहक बनकर भी गई। शुक्रवार को एक सदस्य और सिपाही कोठों में गए।
देह व्यापार की पुष्टि होने पर दोपहर तीन बजे सीओ कोतवाली अब्दुल कादिर ने पुलिस फोर्स के साथ छापा मारा। एक के बाद एक सात कोठों की तलाशी ली गई। यहां से 32 महिलाएं और 11 ग्राहक पकड़ लिए गए।
पुलिस की कार्रवाई से हड़कंप
पुलिस सभी को वाहनों से थाना कोतवाली ले आई। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सूचना पर उद्धार अधिकारी मिंदर सिंह आ गए। उन्होंने पकड़ी गईं महिलाओं से पूछताछ की।
उधर, संचालिका और उनकी सहयोगी महिलाओं ने थाने में हंगामा किया। हालांकि पुलिस ने उन्हें शांत किया। सीओ कोतवाली ने बताया कि 21 महिलाएं आरोपी हैं। इनको कोर्ट में पेश किया जाएगा। पीड़ित महिलाओं को कोर्ट के आदेश पर नारी संरक्षण गृह भेजेंगे।
11 महिलाओं को कैद किया था
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि 11 महिलाओं को जबरन देह व्यापार में धकेला गया था। वो काफी समय से कोठों पर कैद थी। इनमें आगरा, मेरठ सहित पश्चिम बंगाल की महिलाएं भी शामिल हैं। इनकी उम्र 25 से 35 साल तक है।
पीड़ित महिलाओं से पुलिस घर के पते की जानकारी ले रही है। जिससे पीड़िताओं को काउंसलिंग के बाद घर पहुंचाया जा सके। इन महिलाओं के परिजनों से भी संपर्क किया जाएगा। कुछ महिलाएं आर्थिक तंगी की वजह से देह व्यापार गिरोह के चंगुल में फंसी हुई थीं।
पुलिस की मिलीभगत से चल रहे कोठे
कोठों से पकड़ी गईं महिलाओं ने थाने में हंगामा किया। उनका आरोप था कि पुलिस की मिलीभगत से कोठे चल रहे हैं। कोठों से वसूली की जाती है। जब पैसा देना बंद कर दिया जाता है तो छापा मारा जाता है। उनका उत्पीड़न किया जा रहा है।
संस्था को जानकारी, पुलिस को खबर तक नहीं
जिन कोठों पर पुलिस ने छापा मारा, इनमें से एक कोतवाली थाना क्षेत्र में आता है, जबकि छह छत्ता थाना क्षेत्र में पड़ते हैं। इन कोठों पर कई बार छापेमारी हो चुकी है। अधिकतर छापेमारी में लड़कियां और संचालिका पकड़ी जा चुकी हैं।
हर बार संस्था ही पुलिस को जानकारी देती है। दो थाना क्षेत्र में होने के बावजूद यहां कोठे संचालित हो रहे हैं। इसके पीछे वसूली की चर्चाएं हैं। महिलाओं ने भी यही आरोप लगाया। पिछले दिनों बसई में पुलिस ने देह व्यापार पकड़ा था। तब भी युवतियां पकड़ी गई थीं। अब यहां छापा मारा गया।