शहर के प्रमुख पेठा कारोबारी के बैंक खाते में साइबर क्रिमिनल ने सेंध लगा दी। नेटबैंकिंग के जरिये 11 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। थाना हरीपर्वत में शिकायत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच साइबर सेल कर रही है।
नेहरू नगर निवासी पेठा कारोबारी अमित गोयल का खाता इंडियन ओवरसीज बैंक की संजय प्लेस शाखा में है। 23 फरवरी को अमित गोयल एटीएम से दो हजार रुपये निकालने गए थे। इस दौरान उन्होंने एटीएम के मिनी स्टेटमेंट की पर्ची भी निकाली। पर्ची में खाते में जमा रकम में से तकरीबन 11 लाख रुपये कम लिखी आई। यह देखकर उनके होश उड़ गए। बैंक मैनेजर से पूछताछ की। 24 फरवरी को उन्हें पता चला कि नेटबैंकिंग के जरिये उनके खाते से 11 लाख रुपये किसी अंजान व्यक्ति ने अपने खाते में ट्रांसफर किए हैं। कारोबारी के मुताबिक, उन्होंने कभी भी नेटबैंकिंग का इस्तेमाल नहीं किया है। 20 जनवरी से 13 फरवरी के बीच कई बार में ट्रांजेक्शन किया गया है। कारोबारी ने थाना हरीपर्वत में अज्ञात में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साइबर क्रिमिनल द्वारा रकम ट्रांसफर किए जाने की आशंका है।
बैंक में आकर ही निकालते हैं रकम
अमित गोयल ने घर के नजदीक होने के कारण ही इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा में खाता खुलवाया। बैंक में आकर ही ट्रांजेक्शन करते हैं।
नजदीकी का हाथ होने की आशंका
पुलिस को आशंका है कि इसमें किसी नजदीकी का हाथ हो सकता है। कारोबारी की शहर के प्रमुख बाजारों में कई दुकानें हैं।
दो कारोबारियों के खाते से निकल चुकी है रकम
शहर में पहले भी कारोबारियों के खातों से रकम निकल चुकी है। सिकंदरा क्षेत्र के एक जूता कारोबारी की ईमेल आईडी हेक करके खाते से रकम निकाली जा चुकी है। उनके बाद हरीपर्वत क्षेत्र के एक कारोबारी के खाते में इसी तरह सेंध लगाई गई थी।