पारस गैंग के एक बदमाश ने राजस्थान के बदमाश से हाथ मिला लिया है। दोनों ने शहर में तकरीबन नौ करोड़ लूट की योजना तैयार कर ली थी। पुलिस को सूचना मिली तो टीम सक्रिय हो गई। बदमाशों की तलाश में दबिश दी। बताया गया है कि पुलिस गैंग के करीब पहुंच गई है।
पिछले दिनों शहर के प्रमुख व्यापारी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बदमाश पारस के साथियों को पकड़ा था। इनमें से एक जेल से जमानत पर रिहा हो गया। उसने धौलपुर के बदमाश से हाथ मिला लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुछ दिन पहले दिल्ली के व्यापारी के आगरा होते हुए तकरीबन 18 करोड़ रुपये ग्वालियर जाने थे। इनमें से नौ करोड़ रुपये वापस दिल्ली भेजे जाने थे। गैंग ने इस कैश को लूटने की योजना बना रखी थी। आगरा और आसपास के इलाके में वारदात को अंजाम दिया जाना था। पुलिस को इसकी भनक लग गई। इस पर एक टीम को लगाया गया। पुलिस ने एक बदमाश को पकड़ लिया। इसके बाद बुधवार को यमुनापार के एत्माद्दौला, एत्मादपुर, बरहन और खंदौली मेें दबिश दी गई। बताया गया है कि पुलिस गैंग के करीब पहुंच गई है। जल्द ही बड़ा खुलासा हो सकता है।