फतेहपुर सीकरी के गांव मंडीगुड़ से अगवा किए गए 12 साल के बालक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार की रात दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घर से एक किलोमीटर दूर पुलिया के नीचे से शव बरामद कर लिया।
गांव निवासी साहब सिंह का 12 साल का बेटा सतीश 21 दिसंबर की शाम सात बजे घर के बाहर से खेलते समय लापता हो गया था। आरोपियों ने पांच लाख रुपये फिरौती के लिए बालक का अपहरण किया था। बालक का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
इस संबंध में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। 22 दिसंबर को दोपहर एक बजे सतीश के मोबाइल पर कॉल करके पांच लाख रुपये रुपये की फिरौती मांगी गई थी। सतीश की बरामदगी के लिए टीम लगाई गई थी।
पुलिस की गिरफ्त में दोनों आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि दो आरोपी सुभाष पुत्र गोपाल और सुरेश पुत्र बंगाली निवासी मंडी गुड़ को गिरफ्तार किया गया। दोनों साहब सिंह के पड़ोस में रहते हैं। सुरेश ने पांच लाख रुपयों के लिए अपहरण किया था। सुरेश सुभाष का दोस्त है।
सुरेश ने सतीश को चाऊमीन खिलाने के बहाने बुलाया। इसके बाद दोनों बाइक से उसे एक किलोमीटर दूर ले गए। रास्ते में गांव के एक व्यक्ति ने दोनों को देख लिया। वहीं सतीश भी दोनों को पहचानता था। सतीश को पुलिया के नीचे से रुपये निकालने के बहाने घुसा दिया। इसी दौरान उसकी हत्या कर दी।
साफी से दोनों ने उसका गला घोंट दिया। पुलिया के नीचे लाश को छिपा दिया। उसे प्लास्टिक की बोरी से ढककर ईंट भी रख दी थी। आरोपियों की निशानदेही पर सतीश का शव भी बरामद कर लिया गया। पुलिस टीम में पुलिस टीम में थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह राघव, अछनेरा प्रभारी गिरीश चंद गौतम, थाना प्रभारी सिकंदरा अजय कौशल, इंस्पेक्टर नितिन कसाना आदि शामिल रहे।