फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेट्रीमोनियल साइट पर प्रोफाइल बना रचाई 21 युवतियों से शादी, स्पेशल सेल ने हरिद्वार से दबोचा

Mon, 24 Dec 2018 10:39 AM IST
Priyesh Mishra न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने खुद को मीडिया हाउस का मालिक बताकर ठगी करने वाले अभिषेक वशिष्ठ(32) नाम के ठग को हरिद्वार से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह मेट्रीमोनियल साइट पर अपनी फर्जी प्रोफाइल बनाकर करीब 21 युवतियों से ठगी कर चुका है। एक युवती ने बाराखंभा थाने में उसके खिलाफ शादी कर जेवरात व नकदी लेकर फरार होने की शिकायत दर्ज करवाई थी।
विज्ञापन


इस मामले में अदालत ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया। जबकि दिल्ली पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। फिलहाल वह हरिद्वार में खुद को एक चैनल का मालिक बताकर लोगों से ठगी कर रहा था।

स्पेशल सेल के उपायुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि 22 दिसंबर को निरीक्षक चंद्रिका प्रसाद व अमूल्य त्यागी को सूचना मिली कि ठगी का आरोपी अभिषेक वशिष्ठ हरिद्वार में मौजूद है। स्पेशल सेल की टीम ने प्रेम आश्रम चौक के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। एक युवती ने बाराखंभा थाने में उसके खिलाफ फर्जीवाड़े की शिकायत दर्ज करवाई थी।
विज्ञापन


शिकायत में बताया कि आरोपी मेट्रीमोनियल साइट के जरिये उसके परिवार के संपर्क में आया। साइट पर उसने खुद को अविवाहित और अक्षयदीप मीडिया हाउस का मालिक बताया था। उसने गुरुग्राम में एक अपार्टमेंट और 20 से 25 लाख की वार्षिक आमदनी की बात लिखी थी। यह सब देखकर दिल्ली के एक प्रतिष्ठित परिवार ने उससे संपर्क किया और मार्च 2018 में अपनी बेटी की शादी उससे करवा दी। दो सप्ताह तक पत्नी के साथ रहने के बाद आरोपी जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।  

आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर अदालत ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। जबकि दिल्ली पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।  
पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि अभिषेक वशिष्ठ(32) मूलत: कुरुक्षेत्र हरियाणा का रहने वाला है।

जन्म के बाद उसके माता-पिता अलग हो गए थे। दावा है कि उसने पत्राचार से कुरुक्षेत्र यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर किया है और कई चैनलों में काम कर चुका है। वर्ष 2002 में उसने एक युवती से शादी की, लेकिन पिछले छह साल से वह पत्नी के साथ नहीं रह रहा है। कभी कभार वह उसके पास जाता है।  
विज्ञापन

ज्योतिष बन निजी चैनल से कर चुका है फर्जीवाड़ा

जांच में पता चला कि अभिषेक वर्ष 2012 में खुद को ज्योतिष आचार्य अतुल जी महाराज बताकर एक निजी चैनल से फर्जीवाड़ा कर चुका है। शिकायत मिलने पर चैनल ने उसे प्रोग्राम से निकाल दिया था। चैनल ने अपने दर्शकों के लिए एक सलाह भी जारी की थी, जिसमें कहा गया था कि आचार्य ठग है और चैनल को इसके खिलाफ कई शिकायतें मिल चुकी हैं।  

कई तरीकों से ठगी करता रहा है आरोपी 
आरोपी ठगी के कई तरीकों को अपना चुका है। चंडीगढ़ के सेक्टर-34 थाना पुलिस वर्ष 2016 में उसे ठगी के आरोप में गिरफ्तार चुकी है। आरोप है कि खुद को देेहरादून के इंडियन मीडिया ग्रुप का कर्मचारी बताकर जमीन सौदे में एक कारोबारी से ठगी की थी। उसके बाद वह मेट्रीमोनियल साइट पर अपना फर्जी प्रोफाइल डालकर ठगी की वारदात को अंजाम देने लगा।

अपने प्रोफाइल में उसने खुद को अविवाहित बताया था। फिलहाल वह उत्तराखंड में एक न्यूज चैनल का मालिक बताकर लोगों से ठगी कर रहा था। वह अपने न्यूज चैनल के लिए रिपोर्टरों की भर्ती और मताधिकार (फ्रेंचाइजी) देने के नाम पर ठगी कर रहा था। वह चैनल का फेसबुक और ट्विटर पर प्रचार कर रहा था। उसने अपने चैनल का ‘लोगो’ एक प्रतिष्ठित चैनल से मिलता-जुलता बना रखा था।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें