दोनों को लेकर पुलिस की एक और टीम रुद्रपुर रवाना हुई
- फोटो : file photo
आवास विकास के सेक्टर चार में 24 मई की रात साफ्टवेयर इंजीनियर निर्मल सिंह की सुहाग सेज पर हत्या करने के बाद लाखों के जेवरात लेकर फरार हुई उनकी दुल्हन तारा की तलाश में जगदीशपुरा थाना पुलिस की एक और टीम रुद्रपुर रवाना हो गई है। इस बार पुलिस अपने साथ तारा की निर्मल से शादी कराने वाले दोनों बिचौलियों को ले गई। इनमें से एक रुद्रपुर का ही राकेश चौधरी है। दूसरा मथुरा के पतौली का रहने वाला निर्मल का जीजा देवेंद्र है।
राकेश चौधरी का कहना है कि वह तारा का घर जानता है। पुलिस ने पहले देवेंद्र को पकड़ा। उसके माध्यम से राकेश चौधरी हाथ आया। निर्मल को राकेश से देवेंद्र ने मिलवाया था। उसने 95 हजार रुपये लेकर तारा से उसकी शादी कराई थी। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने कहा कि वह तारा का घर जानता है। दूसरी ओर पुलिस की एक टीम पहले ही रुद्रपुर जा चुकी है। उसे तारा का कोई सुराग नहीं मिला था। तारा के बारे में जानकारी आई थी वह कई लोगों को शादी करके शिकार बना चुकी है। पुलिस का कहना है कि इस बारे में उसके पकडे़ जाने पर उससे पूछताछ की जाएगी। यह भी मालूम किया जाएगा कि वह अकेली ही घटनाएं करती है या फिर उसका पूरा गिरोह है?