आगरा में एक सौतले पिता की अपनी नाबालिग बेटी पर ही नीयत खराब हो गई। वह पत्नी से अलग होकर बेटी के साथ रहने लगा। बेटी के दो महीने का बच्चा भी है। गुरुवार को इसकी भनक पत्नी को लगी तो पति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद थाने पर बेटी मां से ही भिड़ गई।
यह मामला आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र के एक मोहल्ले का है। यहां की रहने वाली महिला की पहली शादी मथुरा के बलदेव में हुई थी। मगर, पति नशा करता था। इससे आये दिन विवाद होता था। इस कारण महिला ने उसे छोड़कर वापस आगरा आ गई। उसे एक बेटी और एक बेटा है।
10 साल पहले घर के पास ही रहने वाले युवक ने महिला को जाल में फंसा लिया और उसे अपने साथ रखने लगा। उनके दो बेटी और एक बेटा हुआ। वह नौ से छह साल तक के हैं। महिला का कहना है कि पति 17 साल की सौतेली बेटी पर बुरी नजर रखने लगा। आठ महीने पहले बेटी लापता हो गई। बेटी की लापता की शिकायत पुलिस से की।
यहां बनाया ठिकाना
इसके बाद पति भी अक्सर बाहर जाने लगा। जब वह काम के बारे में पूछती तो पति कहता कि नोएडा में काम करने जाता है। कुछ महीने पहले उसकी हरकत का पता चल गया। वह बेटी को लेकर टेढ़ी बगिया में रह रहा था। यहां पत्नी पहुंच गई लेकिन दोनों भाग निकले।
इस पर वह पति की तलाश करने लगी। गुरुवार रात को पति को मोहल्ले में ही पकड़ लिया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया। शुक्रवार को महिला की बेटी दो माह के बच्चे के साथ थाने पहुंच गई। यह देखकर मां दंग रह गई। थाने पर ही मां-बेटी आपस में भिड़ गईं। हंगामा होता देख पुलिस ने दोनों को अलग किया।
किशोरी बोली हमने शादी कर ली है
किशोरी का कहना है कि वह बालिग है। मां उसके चाचा के साथ रहने लगी थी। उन्होंने शादी नहीं की थी। वह उसका सौतेला पिता नहीं है। वह उसी के साथ रहेगी। उसने शादी कर ली है। सीओ हरीपर्वत श्लोक कुमार ने बताया कि लड़की के बयान दर्ज कराए जाएंगे। आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
...तो मैं कर लूंगी सुसाइड
महिला का कहना था कि बेटी अपनी जिद पर अड़ी रही तो वह अपने बच्चों के साथ जान दे देगी। पति एक बेटी के साथ ऐसा कर सकता है तो दूसरी के साथ भी करेगा। किशोरी का कहना था कि मां ने एक साल पहले एक अधेड़ से शादी कर दी थी। वह उसे पसंद नहीं था। जब वह घर आई तो वापस ससुराल नहीं गई।