पुलिस ने बुधवार को शेरगढ़ से एंट्री करप्शन की टीम बनकर लोगों को ठगने वाले गैंग को दबोच लिया। यह गैंग सफेद रंग की बोलेरो से बीयर शॉप पर पहुंचा था। पैसे ऐंठने के लिए सेल्समैन को धमका रहा था। पुलिस ने जो बोलेरो जब्त की है उस पर एंटीकरप्शन की प्लेट लगी थी।
बुधवार दोपहर को थाना शेरगढ़ के पटेल चौराहे पर सफेद रंग की बोलेरो से चार युवक उतरे और सीधे बीयर शॉप पर पहुंचे। सेल्समैन से बोले, हम एंटी करप्शन वाले हैं, हमें सूचना मिल रही है कि बीयर अधिक दाम में बेची जा रही है।
इतना कहने के बाद सेल्समैन को धमकाने लगे। युवकों का सेल्समैन से विवाद होने पर किसी ने शेरगढ़ पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस के पहुंचते ही खुद को एंटी करप्शन से बताने वाले पांचों युवकों की पोल खुल गई। पुलिस ने उनको पकड़ लिया।
थाना प्रभारी प्रवीन सिंह मान ने बताया कि पकड़े गए थाना नौहझील के गांव मनीगढ़ी निवासी रामपाल सिंह पुत्र मान सिंह, पवन कुमार पुत्र दीवान सिंह, रामबाबू पुत्र रंजीत सिंह, सत्यवीर पुत्र लेखराज एवं पवन कुमार पुत्र अमर सिंह हैं।
बरामद बोलेरो गाड़ी पर एंटी करप्शन लिखा हुआ। गाड़ी में कुछ आपत्तिजनक सामान नहीं मिला है। बीयर शॉप के सेल्समैन ने कोई तहरीर नहीं दी। पुलिस ने पांचों युवकों को शांतिभंग में गिरफ्तार किया है।