सिलाई और ब्यूटीपार्लर प्रशिक्षण के नाम पर धोखाधड़ी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सिलाई और ब्यूटीपार्लर के प्रशिक्षण के नाम पर युवतियों के साथ धोखाधड़ी का मामला उजागर हुआ है। एक अग्निशमन कर्मी की पत्नी द्वारा संचालित सिलाई और ब्यूटीपार्लर के प्रशिक्षण के नाम पर 20 युवतियां धोखाधड़ी का शिकार हुई हैं। उन्हें न तो सर्टिफिकेट दिए गए और न ही भुगतान का चेक। इनके मांगने पर दो युवतियों के साथ पिटाई करने का भी आरोप लगाया गया है। मामला तूल पकड़ने के बाद शनिवार को सीओ बाह के कार्यालय में पीड़ित युवतियों के बयान दर्ज किये गए हैं।
कैंजरा रोड पर एक अग्निशमन कर्मी की पत्नी सिलाई और ब्यूटीपार्लर का प्रशिक्षण दे रही हैं। 2015 में 20 युवतियों ने शिविर ज्वाइन किया था। उनसे 800-800 रुपये ले लिये गये। प्रशिक्षण पूरा होने पर सर्टिफिकेट और 1500 रुपये का चेक देने का आश्वासन दिया गया था लेकिन प्रशिक्षण पूरा होने पर जब वे युवतियां चेक और सर्टिफिकेट लेने गईं तो उन्हें पहले तो टहला दिया गया। आरोप है कि बाद में दो युवतियां सीता और रेशमा के साथ चोटी पकड़कर संचालक महिला ने पिटाई कर दी। उनके पति ने उन्हें वहां से भगा दिया। मामले की शिकायत डीएम, एसएसपी, डीआईजी से भी की गई है। फिलहाल शिकायत पर मामले की जांच सीओ बाह कर रहे हैं। शनिवार को युवतियों के सीओ कार्यालय में बयान दर्ज किए गए। बयान दर्ज कराने पहुंचीं युवतियों सीता, तुलसी, पूजा, आरती, मीना, बबली, कृष्णा, विमलेश, प्रियंका, खुशबू, नेमा, सुमन आदि ने कड़ी कार्रर्वाई और सर्टिफिकेट व चेक दिलाने की मांग की है।