फिरोजाबाद में शिकोहाबाद के गांव छीछामई से 15 दिन पहले लापता हुए बालक का शव सोमवार को मिल गया। वह घर से पास की दुकान पर सामान लेने गया था। कुछ दिन पहले छात्र के चाचा के पास अपहर्ताओं का फोन आया। सोमवार को उसका शव मिलने से सनसनी फैल गई।
छीछामई निवासी मजदूर गीतम सिंह का सात वर्षीय बेटा हरीबाबू उर्फ भोला गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था। चार फरवरी की शाम को वह घर से पांच रुपये लेकर दुकान पर गया था। इसके बाद घर नहीं लौटा। पिता ने थाने में तहरीर दी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर शांत बैठ गई।
इस बीच छात्र के परिजन उसकी तलाश में इधर-उधर भटकते रहे। जब आठ दिन बाद छात्र के चाचा के पास जब अपहर्ताओं का फोन आया तो परिवार में सन्नाटा पसर गया। अपहर्ताओं से छात्र के परिवार के लोगों ने बात कराने और व्हाट्सएप पर फोटो भेजने की बात कही तो उन्होंने इनकार कर दिया।
10 फरवरी को उसके चाचा के फोन पर साढ़े नौ लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। बाद में पिता से बात करने पर साढ़े तीन लाख की फिरौती मांगी। सोमवार को भोला का शव खेत में पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कॉल रिकॉर्ड के आधार पर अपहर्ताओं की तलाश की जा रही है।