फिरोजाबाद के कस्बा जसराना में रामलीला मैदान में रह रहे राजस्थान और मध्य प्रदेश के घुमंतू जाति के लोगों ने पीट पीटकर एक कुत्ते को मार डाला। लोगों ने उन पर जानवरों को मारकर खाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और डेरों में रह रही महिलाओं को पीट दिया, पुरुष भाग खड़े हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनके डेरों को हटवा दिया।
जसराना के तहसील के सामने रामलीला मैदान में डेरा डालकर रह रहे घुमंतू प्रजाति के लोग गांवों में जाकर सामान बेचते हैं और जड़ी बूटियां बेचते हैं। मंगलवार सुबह लोगों ने देखा कि डेरों के लोगों ने एक कुत्ते को पीट-पीट कर मार डाला।
यह देखकर तहसील पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने डेरे पर मौजूद महिलाओं की बुरी तरह पिटाई कर दी। वहां रहने वाले पुरुष डरकर भाग गए। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर हंगामा कर रहे लोग भाग गए।
थाना जसराना के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि डेरों के लोगों द्वारा कुत्ता मारने की सूचना मिली थी। लोगों के हंगामा करने पर डेरों को रामलीला मैदान से हटवा दिया है।