मृतक किसान नरेंद्र उर्फ गुड्डू का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद के थाना एका के नगला देवा में शुक्रवार की सुबह पत्नी और बेटे-बेटी के साथ खेत पर काम कर रहे किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए।
किसान के तीन गोलियां लगी हैं। मौके पर एसपी देहात राजेश कुमार,सीओ जसराना सहित पुलिस फोर्स पहुंच गयी। जिस खेत पर किसान गेहूं की बुबाई कर रहा था उस पर आरोपी अपना पट्टा बताते हुए हमलावर हुए। नगला देवा निवासी नरेंद्र उर्फ गुड्डू (45) पुत्र रामवीर सिंह चौहान शुक्रवार को पत्नी नीता देवी, बेटा अभिषेक (12), बेटी अर्चना (13) के साथ खेत में गेहूं बुवाई कर रहा था।
परिजनों के अनुसार सुबह 11 बजे गांव के ही रामनाथ अपने पुत्र इंद्रेश एवं अन्य साथियों के साथ नरेंद्र के खेत पर ट्रैक्टर लेकर आ गए। इन लोगों ने खेत पर अपना पट्टा बताते हुए नरेंद्र द्वारा बोए गए गेहूं की फसल को उजाड़ कर अपनी फसल बोए जाने की बात कही।
हत्या के बाद खेत पर पहुंची पुलिस पूछताछ करती हुई
- फोटो : अमर उजाला
नरेंद्र ने खेत को अपना बताते हुए इसका विरोध किया। विवाद की स्थिति बनने पर ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर यहां से चला गया। आरोप है कि विवाद के बीच आरोपियों ने नरेंद्र के उपर पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से नरेंद्र लहूलुहान होकर खेत पर गिर गया। आरोपी मौके से भाग गए। फायरिंग की आवाज सुनकर काफी ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने थाना एका पुलिस को घटना की सूचना दी।
एसपी देहात राजेश कुमार, सीओ जसराना प्रीती सिंह,एसओ एका वीरेंद्र सिंह, एसएचओ जसराना जितेंद्र कुमार द्विवेदी सहित काफी फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने बताया कि नरेंद्र के तीन गोली लगीं। इनमें एक सीना,एक चेहरे पर तो तीसरे कांख में लगी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
एका के नगला देवा में जमीन (खेत) के विवाद के चलते किसान की गोली मारकर हत्या की है। परिजनों की तहरीर के आधार पर विपक्षियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। - राजेश कुमार, एसपी देहात