एटा में सिंचाई विभाग के जेई की हत्या का खुलासा पुलिस ने चौथे दिन कर दिया। ओपन एंड शट लग रहे इस केस में पुलिस को क्राइम सीन पर ही कहानी समझ आ गई थी। इसके बाद जैसे ही गिरफ्तारियां हुईं, पहली बार में इस हत्याकांड की परतें खुल गईं। पुलिस ने मामले में सत्यम मिश्रा की प्रेमिका के फूफा को मुख्य आरोपी बताया है।
पुलिस का कहना है कि महोबा के पनवाड़ी निवासी जेई सत्यम मिश्रा की हत्या उसके साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रहने वाली युवती के फूफा ने अपने साले समेत पांच साथियों के साथ मिलकर की थी। सत्यम से पहले युवती के आरोपी के प्रेमसंबंध थे। ऐसे में सत्यम को बीच में से हटाने के लिए उसने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया।
बता दें कि एटा की मंदाकिनीपुरम कालोनी में मंगलवार को सिंचाई विभाग के जेई सत्यम मिश्रा का रक्तरंजित शव मिला था। शव देखकर लग रहा था कि जेई की गला रेत कर हत्या की गई है। पुलिस ने मामले में सबसे पहले सत्यम के साथी जेई रविकांत और सत्यम के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाली युवती से पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान ही पुलिस को युवती के पहले प्रेमी के बारे में पता चला। इसके बाद पुलिस ने जयवीर पुत्र रामदास निवासी कंचनपुरी थाना कुरावली और उसके साले दीपा उर्फ दीपक पुत्र रज्जन सिंह निवासी शिवपालपुर थाना भोगांव मैनपुरी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। जयवीर रिश्ते में युवती को फूफा बताया जाता है।
पुलिस का कहना है कि जयवीर के युवती से प्रेमसंबंध से। इसके बाद युवती ने उसे ठुकरा दिया और सत्यम के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगी। इसी खुन्नस में जयवीर ने अपने साले दीपा और चार अन्य साथियों के साथ जेई सत्यम मिश्रा की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, घटना में प्रयुक्त कार और धारदार हथियार बरामद किया है।
वो समझाने पर भी नहीं मानी, मुझसे दूर होती चली गई
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस हिरासत में आरोपी जयवीर ने बताया कि जेई के साथ रहने वाली युवती से उसके दो साल से प्रेम संबंध थे। बाद में, वह सत्यम मिश्रा के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रहने लगी। समझाने के बाद भी युवती ने बात नहीं मानी और उससे दूर होती चली गई। बकौल जयवीर इसके चलते उसने सत्यम मिश्रा को रास्ते से हटाने का फैसला किया और साले एवं साथियों संग मिलकर आठ अगस्त की रात जेई सत्यम मिश्रा की हत्या कर दी।
पहले सत्यम के साथ पी बीयर इसके बाद रेत दिया गला
सत्यम मिश्रा
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस हिरासत में आरोपी जयवीर ने बताया कि रक्षाबंधन पर उसने युवती को अपने साथ घर चलने के लिए कहा था, लेकिन वह अकेली रोडवेज बस में बैठकर घर चली गई। इससे परेशान होकर उसने जेई को मारने का पहले से तैयार षड्यंत्र को रविवार रात अंजाम दिया।
जयवीर की मानें तो उसने भोगांव के रिश्तेदारों को छह अगस्त को एटा बुलाया और मंदाकिनीपुरम में जेई के कमरे पर गए। यहां जेई सत्यम मिश्रा के साथ बीयर पी और सत्यम के नशे में धुत होने पर साथी सुरजीत ने धारदार हथियार से गला रेत कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वे कमरे का ताला लगाकर चाबी कमरे के सामने खड़ी झाड़ियों फेंक कर फरार हो गए।
दिल्ली में चलाता है टैक्सी
पुलिस ने बताया कि आरोपी जयवीर और उसका साला दीपक दिल्ली में टैक्सी चलाते हैं। टैक्सी चलाने के दौरान ही युवती उसके पास दो साल तक दिल्ली में रही थी। इस दौरान दोनों में प्रेम संबंध हो गए। तभी से दोनों एक दूसरे से मोबाइल पर सपंर्क में थे। जयवीर जब भी आता था तो वह युवती से मिलने एटा आता था।