थाना लोहामंडी के पुनिया पाड़ा में सोमवार सुबह रेलवे लाइन पर बर्तन व्यवसायी रीतेश कुमार वर्मा (33) की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। वह घर से टहलने के लिए निकले थे। पुलिस जांच कर रही है।
आगरा के चरन सिंह बाड़ा, गोकुलपुरा निवासी ओमप्रकाश वर्मा के बेटे रीतेश कुमार की नाई की मंडी में बर्तन भंडार है। रीतेश के भाई सचिन ने बताया कि रीतेश रोजाना टहलने के लिए निकलते थे। सोमवार सुबह तकरीबन चार बजे घर से निकले थे।
काफी देर तक वह लौटकर नहीं आए तो उनकी तलाश शुरू की। दोपहर तकरीबन 12:30 बजे पुलिस ने उनके पुनिया पाड़ा के पास ट्रेन की चपेट में आने से मौत की जानकारी दी। इससे परिवार में कोहराम मच गया। इंस्पेक्टर थाना लोहामंडी ने बताया कि परिवारीजनों ने पूछताछ में बताया कि रीतेश दस साल से मानसिक रूप से बीमार चल रहा था।
दो बार पहले आत्महत्या का प्रयास किया था। एक बार छत से कूद गया था। एक बार फांसी लगाने का प्रयास किया था। इससे आत्महत्या की आशंका जाहिर की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि रीतेश की लाश सोमवार को सुबह तकरीबन 8:30 बजे रेलवे लाइन पर मिली। उसकी जेब में आईडी भी रखी हुई थी। मगर, पुलिस ने दोपहर 12:30 बजे घटना की जानकारी दी। इसको लेकर परिवारीजनों में रोष था। मृतक के भाई सचिन का कहना था कि वह कई घंटे से भाई की तलाश कर रहा था। पुलिस को कुछ ही दूरी पर स्थित घर पहुंचने में चार घंटे लगे।