एमजी रोड पर थाना नाई की मंडी के सामने बाइकर्स गैंग ने दो पहिया वाहनों की एजेंसी के एजेंट की कार से 5.5 लाख रुपयोें से भरा बैग चोरी कर लिया। बदमाशों ने पहले कार का पहिया पंक्चर कर दिया। एजेंट ने पहिया बदलने के लिए कार रोकी तो बॉनट के आगे आयल फेंक दिया। एजेंट बॉनट को खोलकर देखने लगा तो बदमाश बैग पार कर ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सदर बाजार का रहने वाला रवि कुमार तारा टीवीएस, सेवला और साईं आटो, शाहगंज में दोपहिया वाहनों के रजिस्ट्रेशन का काम करता है। रवि ने बताया कि शनिवार दोपहर को वह तारा टीवीएस से चार लाख रुपये और साईं आटो से 1.5 लाख रुपये लेकर आया था। यह रकम वाहनों के पंजीकरण के लिए आरटीओ में जमा करनी थी। वह आई-20 कार से साथी सरदार मोहन सिंह के साथ जा रहा था। मोहन सिंह आरटीओ का रिटायर्ड कर्मचारी है। रुपयों से भरा बैग पिछली सीट पर रख दिया। थाना नाई की मंडी के सामने सुभाष पार्क पर बाइक पर दो युवक आए। दोनों ने हेलमेट लगा रखा था। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने कहा कि उनकी कार का दायीं तरफ का पहिया पंक्चर हो गया है। रवि ने कार रोक दी। वह पहिया बदलने लगा। तभी बाइक पर दो युवक और आए। उन्होंने बॉनट के पास से आयल निकलने की बात कही। इस पर रवि और मोहन सिंह बॉनट खोलकर देखने लगे। कुछ देर बाद पीछे देखा तो कार की खिड़की खुली थी। सीट पर रखा रुपयों से भरा बैग गायब था। उन्होंने शोर मचाया। लोग जुट गए। उन्होंने थाना नाई की मंडी पहुंचकर जानकारी दी। पुलिस ने 5.5 लाख रुपये चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ कोतवाली राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
शहर में लगातार हो रहीं घटनाएं
शहर में टप्पेबाज गैंग लगातार वारदात को अंजाम देने में लगा है। लोगों को कभी कार पंक्चर करके तो कभी कार पर आयल फेंककर झांसे में लेते हैं। हरीपर्वत, न्यू आगरा, एत्माद्दौला क्षेत्र में कई बार इसी तरह वारदात कर चुके हैं। इसके बावजूद पुलिस आज तक एक भी बदमाश को नहीं पकड़ सकी है। मुकदमा चोरी में दर्ज किया जाता है। इस वजह से घटना को ठंडे बस्ते में डाल देते हैं।