इंडियन रोलर बास्केटबॉल फेडरेशन के पदाधिकारियों ने शनिवार को खेल मंत्री अनिल विज के आवास पर उनसे मुलाकात की और उन्होंने खेलों के प्रोत्साहन के लिए विज द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने हरियाणा की नई खेल नीति को भी खेलों के विकास के लिए एक क्रांतिकारी परिवर्तन बताया और कहा कि हरियाणा देश का ऐसा पहला राज्य है जहां खिलाड़ियों को सबसे अधिक ईनाम व प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। फेडरेशन के राष्ट्रीय सचिव बलविन्द्र सिंह और हरियाणा रोलर बास्केटबाल के प्रान्तीय सचिव नितिन सैनी ने विज को चंडीगढ़ में अप्रैल मास के दौरान होने वाली राष्ट्रीय रोलर बास्केटबाल प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी और स्वर्ण पदक विजेता सुचिता शर्मा ने खेल मंत्री को गुलदस्ता, स्मृति चिन्ह और दोशाला भेंट करके उनका अभिनंदन किया। फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि चण्डीगढ में 28 से 30 अप्रैल तक राष्ट्रीय रोलर बास्केटबाल प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र, तमिलनाडू, उडीसा, आन्ध्रप्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और चण्डीगढ सहित 10 राज्यों की टीमें भाग लेंगी।