दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट की शोध छात्रा नेहा शर्मा हत्याकांड में लंबे अरसे की खामोशी के बाद अचानक से हरकत में आई सीबीआई को अब आठ लोगों की तलाश है। इन सभी पर नेहा शर्मा के शव के पास से चोरी किया गया आईपैड इस्तेमाल करने का शक है। इनमें से अभी दो ही हत्थे चढ़े हैं। इस आईपैड को मुख्य हत्यारोपी के खिलाफ सुबूत बनाने की तैयारी है। जानकारी यह भी आ रही है कि नेहा की और भी कई चीजें गायब हैं। इनकी भी तलाश की जा रही है।
नेहा का आईपैड 15 मार्च 2013 को हुई उसकी हत्या के साथ ही गायब कर दिया गया था। सीबीआई मालूम करना चाहती है कि इसे मुख्य हत्यारोपी उदय स्वरूप और उसके सहयोगी लैब असिस्टेंट यशवीर सिंह संधू में से किसी ने चोरी किया या फिर किसी और ने। इसके बाद इसे बेच दिया गया, लेकिन तब से अब तक इस्तेमाल नहीं किया गया।
न ही नेहा के परिवार ने पुलिस और सीबीआई के अलावा इस बारे में किसी को बताया। सीबीआई आईपैड के इस्तेमाल होने का इंतजार कर रही थी। जैसे ही इसे प्रयोग किया गया, जांच एजेंसी को सुराग मिल गया। शाह मार्केट से दो दुकानदार उठा लिए गए। केस से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि इनमें से एक ने कुबूल कर लिया है कि उसने इसे बगैर बिल के खरीदा है। उसे सीबीआई अपने साथ ले गई है। दूसरे को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। जांच एजेंसी को यह भी जानकारी मिली है कि चोरी होने के बाद से यह आईपैड आठ लोगों से होकर गुजरा है। इन सभी की तलाश की जा रही है। इनसे पूछताछ होने पर ही पता चलेगा कि सबसे पहले इसे किसने चोरी किया था? हालांकि सीबीआई अधिकारी कुछ भी जानकारी देने से बच रहे हैं।
अब मिला तीसरा सुबूत
हेयर मैचिंग रिपोर्ट : मौके से मिले बालों की जांच (हेयर मैचिंग) हुई तो इसमें कई उदय स्वरूप के पाए गए थे।
डीएनए परीक्षण : मौके से बनाए गए डीएनए के सैंपल का उदय स्वरूप के डीएनए से मिलान हुआ।
आईपैड : नेहा शर्मा का आईपैड मौके से गायब हुआ, माना जा रहा है कि इसे हत्यारोपी ने चोरी किया।
फिर आ सकती है सीबीआई
माना जा रहा है कि जल्द ही सीबीआई की टीम फिर आगरा आ सकती है। अभी कई लोगों से पूछताछ की जानी बाकी है। पहले इस मामले की जांच राजा राजमर्थंडरन कर रहे थे। अब एसपी टी बालाराम जांच अधिकारी हैं।
टेक्निकल विंग करेगी पड़ताल
नेहा शर्मा के बरामद किए गए आईपैड को सीबीआई अपनी टेक्निकल विंग को देगी। इसके अलावा सीबीआई फोेरेंसिक साइंस लैब के साइबर क्राइम सेक्शन में भी इसकी जांच की जाएगी। कोशिश डाटा रिकवर करने की रहेगी।