लोहामंडी के पचकुइयां वाल्मीकि बस्ती में छेड़खानी का विरोध करने पर बवाल हो गया। एक पक्ष ने छेड़खानी के आरोपी युवक को पीटा तो जमकर पथराव हुआ। एक कार में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद लोहामंडी समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस बलवाइयों को चिह्नित कर रही है।
पचकुइयां वाल्मीकि बस्ती के युवक ने परिवार के साथ जा रही युवती के साथ छेड़खानी कर दी। इस पर परिवार के लोगों ने विरोध किया। आसपास के लोगों ने भी युवक का विरोध किया तो वह अपनी बस्ती में भाग निकला। इसके बाद युवक के पक्ष के लोग इकट्ठे होकर पहुंच गए। उन्होंने पथराव कर दिया। इसके बाद दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। लोगों ने राहगीरों को भी पीट दिया। इसके बाद अशोक नगर की पुलिया तक मारपीट और पथराव होता रहा। बलवाइयों ने आई-20 कार में तोड़फोड़ कर दी। भीड़ ने एक दुकानदार की दूध की कड़ाही पलट दी। दुकानें भी बंद हो गईं। करीब आधा घंटे के बाद सीओ लोहामंडी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर लोहामंडी सत्यपाल यादव का कहना है कि झगड़ा पान की दुकान पर सिगरेट पीने आए दो युवकों के बीच हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों के लोगों में मारपीट हुई। बलवाइयों को चिह्नित किया जा रहा है।
पुलिस चौकी पर लटका था ताला
गोकुलपुरा पुलिस चौकी के सामने जमकर मारपीट और पथराव होता रहा, लेकिन चौकी पर एक भी सिपाही मौजूद नहीं था। आधा घंटे तक बवाल होता रहा मगर पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद लोगों ने थाने में सूचना दी। तब कहीं जाकर इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
........................................
चाकू मारने के बाद फैला तनाव
आगरा। रकाबगंज क्षेत्र स्थित ईदगाह कालोनी में दो युवकों में विवाद हो गया। एक युवक ने दूसरे पर चाकू से हमला करके घायल कर दिया। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर शांति भंग में कार्रवाई कर दी। शनिवार की शाम को ही सेवला जाट में घर में भैंस घुसने पर दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग हो गई।
ईदगाह कालोनी निवासी सोनू का शनिवार की शाम को बस्ती के अजीज से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान अजीज ने सोनू को चाकू मारकर घायल कर दिया। बीच बचाव कराने पहुंची उसकी मां शीला के साथ भी मारपीट कर दी। मारपीट में अजीज को भी चोट लगी। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। लेकिन पुलिस के पहुंचने के कारण टकराव टल गया। पुलिस सोनू और अजीज को थाने ले आई। यहां सोनू के खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई कर दी। एकतरफा कार्रवाई से इलाके में तनाव है। दूसरा झगड़ा सेवला जाट में ओमप्रकाश और रनवीर पक्ष के बीच हुआ। ओमप्रकाश के घर में रनवीर की भैंस घुस आई। इसको लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि ओमप्रकाश ने फायरिंग कर दी। छर्रे लगने से रनवीर को चोटें आईं। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है।