थाना खंदौली से 200 मीटर की दूरी पर शुक्रवार रात तकरीबन 10:15 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने किराना व्यवसायी पवन उर्फ शंभू को गोली मार दी। बदमाश टेढ़ी बगिया रोड की ओर भाग गए। इस पर आक्रोशित व्यापारियों ने आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया। आधा घंटे बाद पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया। परिवारीजनों का कहना है कि दो दिन पहले ही दुकान में धमकीभरा खत भेजा गया था। इसमें किसी भूरा डॉन ने 20 लाख रुपये की चौथ मांगी थी।
कसबा के रहने वाले पवन गुप्ता पुत्र दिनेश चंद गुप्ता की थाने से 200 मीटर की दूरी पर किराना की दुकान है। रात तकरीबन 10:15 बजे वह पड़ोस की रविकांत की दुकान से पेटीज खाकर दुकान पर जा रहे थे। तभी बाइक पर दो बदमाश आए। पीछे बैठे बदमाश ने पवन को गोली मार दी, जो उनकी पीठ में लगी। पवन गिर पड़े। दुकान से उनके पिता पहुंच गए। पवन को परिवारीजनों ने थाना हरीपर्वत क्षेत्र में देहली गेट स्थित पुष्पांजलि हास्पिटल मेें भर्ती कराया है। पुलिस के न पहुंचने पर गुस्साए व्यापारियों ने हाईवे पर जाम कर दिया। इसके आधा घंटे बाद पुलिस पहुंची। व्यापारियों का कहना है कि बदमाशोें ने बिजली गुल होने का फायदा उठाया। पुलिस की चेकिंग भी नहीं थी। परिवारीजनों का कहना है कि दो दिन पहले दुकान पर रुमाल से चेहरा छिपाए एक युवक आया था। वह शादी के लिफाफा छोड़ गया। कागज पर लिखा था कि ‘तुम 20 लाख रुपये दे दो, नहीं तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। सेमरा वाले रोड पर ठेके के पास रुपये लेकर आने की बात लिखी थी। नीचे भूरा डान लिखा था। मगर, व्यापारी ने किसी का मजाक समझकर उस पत्र को फाड़कर फेंक दिया था।
एक महीने से कर रहे थे पीछा
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि पवन का एक महीने पहले एक युवक ने पीछा किया था। जब उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भाग गया था। पवन ने इस बात की जानकारी घरवालों को भी दी थी। 15 दिन पहले दो युवक उनके घर की मोबाइल से वीडियो बनाकर भी ले गए थे। तभी भी उन्होंने पुलिस को नहीं बताया था।