आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में पत्नी से हुई मामूली कहासुनी के बाद कोल्ड ड्रिंक एजेंसी संचालक ने खुद को तमंचे से गोली मार ली। परिजन अस्पताल लेकर गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
नीरव निकुंज के फेस-2 निवासी अंशु पुरी (28) पुत्र दुर्गेश पुरी की कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम की एजेंसी है। पिता एक विभाग से इंजीनियर के पद से रिटायर्ड हुए हैं। बड़े भाई रिशु पुरी घर के भूतल पर रहते हैं।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात तकरीबन नौ बजे अंशु एजेंसी से आया। वो कमरे में गया तो किसी बात पर पत्नी अग्रिमा से विवाद होने लगा। दोनों में झगड़ा बढ़ गया। तू-तू मैं-मैं होने पर अंशु अलमारी से तमंचा निकाल लाया।