गैंगस्टर विक्की की जसबीर सिंह उर्फ जगा के साथ पुरानी दुश्मनी थी। दोनों के बीच सेंट्रल जेल फिरोजपुर के अंदर हाथापाई हुई थी। तभी विक्की ने जग्गा को जान से मारने की धमकी दी थी। छह अक्तूबर 2018 को जग्गा का जन्मदिन था। जग्गा गांव शेरखां में रात के समय अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाकर फिरोजपुर लौट रहा था। वह अपने साथियों के साथ कार में आने की बजाय बाइक पर चुंगी नंबर-सात फिरोजपुर छावनी पहुंचा।
विक्की को सूचना मिली थी कि जग्गा कार में है। जैसे ही कार चुंगी के पास रुकी, विक्की और उसके साथियों ने हमला बोल दिया था। विक्की ने दनादन गोलियां कार में बैठे लोगों पर दाग दी। हमले में सोनू गिल पुत्र नजीर निवासी अमृतसरी गेट फिरोजपुर और हरजिंदर सिंह उर्फ मिंकल पुत्र हरदेव सिंह निवासी आजाद नगर की मौके पर ही मौत हो गई थी।
चमकौर सिंह निवासी आजाद नगर गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। घटना के बाद गैंगस्टर विक्की ने फेसबुक पर लाइव होकर डबल मर्डर की जिम्मेदारी ली थी। थाना कैंट पुलिस ने जग्गा के बयान पर गैंगस्टर और उसके भतीजे सूरज घारू, जैकब उर्फ जैकी निवासी हाउसिंग बोर्ड, रिशु निवासी शांति नगर, कालू बइया, सैनुअल उर्फ सैमा निवासी नई आबादी शहर व सैनुअल उर्फ चूचा निवासी बस्ती टैंकावाली के खिलाफ मामला दर्ज किया था।