भाजपा नेता गिर्राज कुशवाह से मारपीट, कपड़े फाड़े
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके गिर्राज कुशवाह के साथ शनिवार शाम लगभग साढ़े आठ बजे डौकी थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़ा के पास स्कार्पियो सवार कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। लोगों ने उन्हें गाड़ी बाहर खींचने की काफी कोशिश की लेकिन वे बाहर नहीं निकले। खींचतान और मारपीट के दौरान उनके कपड़े फट गए। घटना की जानकारी होने पर देरशाम बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक डौकी थाने में जमा हो गए। वहीं, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने हमलावरों की तलाश की लेकिन कोई नहीं मिला। देरशाम अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
भाजपा नेता गिर्राज कुशवाहा शनिवार शाम पार्टी के नेता राजेश कुशवाहा के पिता के निधन पर उनके अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने अपनी गाड़ी से साथी हरिओम तौमर और गजराज सिंह उनके गांव में उतार दिया और अकेले ही गाड़ी लेकर आगरा जाने लगे। तभी ग्राम गुडा के पास स्कार्पियो सवार कुछ लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। जब उन्होंने गाड़ी नहीं रोकी तो स्कोर्पियो सवारों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर अपनी गाड़ी आगे लगाकर रोक लिया। वे कुछ समझ पाते इससे पहले स्कोर्पियो में से चार लोग निकले और गिर्राज कुशवाहा को गाड़ी से बाहर खींचने की कोशिश करने लगे। उनके बाहर न निकलने पर अंदर ही मारपीट शुरू कर दी। मारपीट और खींचतान में उनके कपड़े फट गए। बाद में उनके शोर मचाने पर सभी भाग गए। इसके बाद गिर्राज कुशवाहा सीधे डौकी थाने पहुंचे। जानकारी होते ही डौकी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची लेकिन वहां कोई नहीं मिला। देरशाम पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। वहीं, घटना की जानकारी होते ही भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और उनके समर्थक थाने पर पहुंच गए। देर रात सांसद चौधरी बाबूलाल और के भी डौकी थाने पहुंचने की सूचना थी। गिर्राज कुशवाह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।