प्रधानी चुनाव में सैंया के बाद बुधवार को कागारौल के अकोला में प्रत्याशी समर्थकों में वोट के विवाद में जमकर संघर्ष हुआ। एक प्रत्याशी समर्थकों ने दूसरे के घर पर लाठी-डंडे और असलाह से लैस होकर हमला बोल दिया। दोनों पक्षों में छह राउंड फायरिंग हुई। सूचना पर आए चौकी इंचार्ज और दो सिपाहियों पर पथराव कर दिया। उन्हें पीटा भी गया। तीनों ने किसी तरह भागकर खुद को बचाया। घटना के बाद गांव में पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
अकोला निवासी गंभीर की पत्नी पूजा और लाला की पत्नी सीमा प्रधान पद की प्रत्याशी हैं। बुधवार सुबह कस्बे के एक हेयर सैलून की दुकान पर दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों में वोट डालने के विवाद में कहासुनी हो गई। उनमें हाथापाई होने लगी। आसपास के लोगों ने किसी तरह मामला शांत करा दिया। पुलिस ने बताया कि दोपहर तकरीबन डेढ़ बजे एक प्रत्याशी के समर्थक दूसरे प्रत्याशी के समर्थक के घर पर लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंच गए। उनमें जमकर मारपीट के बाद पथराव शुरू हो गया। दोनों पक्षों के लोग एकजुट हो गए। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग की गई। इससे गांव में अफरातफरी मच गई।
सूचना पर चौकी इंचार्ज अंजीश कुमार, सिपाही शेर सिंह और अभय पहुंच गए। उन्होंने बलवाइयों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिसकर्मियाें पर भी पथराव कर दिया। उनके साथ जमकर मारपीट की। इसमें अभय के हाथ, शेर सिंह की आंख में चोट लगी। उन्होंने भागकर खुद को बचाया। जानकारी पर थाना कागारौल की फोर्स पहुंच गई।
बाद में एसपीआरए बबीता साहू, सीओ अछनेरा विजय सिंह सर्किल के थानों की पुलिस फोर्स और स्वाट टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने गांव में दबिश देकर प्रधान प्रत्याशी के पति लाला, गंभीर के भाई सुरेश और गुलाब सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह का कहना है कि झगड़े के मामले में पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।