आगरा की ताजगंज पुलिस ने वाहन चोरों का एक गैंग पकड़ा है। इस गैंग के बदमाश बड़े ही शातिर हैं और ये अपने गांव से चोरी करने के लिए ही निकलते थे। पुलिस का कहना है कि इन चोरों का लंबा आपराधिक इतिहास है और ये वाहन चोरी में एकदम सिद्धहस्त हैं।
आगरा में प्रेसवार्ता करते हुए एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि ताजगंज पुलिस ने पांच वाहन चोरों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। ये सभी राजस्थान के धौलपुर जिले में राजाखेड़ा के रहने वाले हैं। ये राजस्थान से आगरा आकर वाहन चोरी करते थे।
एसपी सिटी का कहना है कि इन सभी का लंबा आपराधिक इतिहास है। हालांकि अभी तत्काल कुछ नहीं मिला है लेकिन जांच में सब साफ हो जाएगा। चोरों के पास से 10 मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं। ये भी चोरी की हैं।
पुलिस के अनुसार ये शातिर चोर मास्टर की से बाइक का लॉक खोलते थे और केवल पांच हजार रुपये में ही चोरी की बाइक को बेच देते थे। इन बदमाशों ने अधिकतर वारदात आगरा के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की हैं। इनका गांव राजस्थान यूपी के बॉर्डर से सटा होने के कारण ये चोरी कर आसानी से भाग जाते थे।
पकड़े गए आरोपियों के नाम भानु निवासी महाराणा प्रताप नगर, अजय, राहुल, जितेंद्र और पप्पू निवासी सोमली थाना राजाखेड़ा, जिला धौलपुर, राजस्थान हैं। इन सभी को पुलिस ने भानु की निशानदेही पर पकड़ा है।