आगरा की लाइफ लाइन कहे जाने वाले आगरा-मथुरा हाईवे पर दौड़ते भारी वाहन लोगों की जान ले रहे हैं। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की उदासीनता से हाईवे पर इस साल अब तक 111 लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भी मौत बनकर दौड़ रहे ट्रक, डंपर, ट्रॉला और कंटेनर पर रोक नहीं लग पा रही है।
हाईवे पर 15 से अधिक स्कूल-कॉलेज हैं और करीब 100 अन्य स्कूलों के हजारों विद्यार्थी रोज इससे गुजरते हैं। रुनकता से एत्मादपुर तक तेज रफ्तार दौड़ते भारी वाहनों के बीच से बच्चे खौफ के साये में हाईवे पार करते हैं।
हाईवे पर स्थित स्कूलों के संचालकों और प्रधानाचार्यों का कहना है कि 400 करोड़ रुपये से बने उत्तरी बाईपास पर सन्नाटा है। अधिकारी आखिर क्यों भारी वाहनों को शहर के बीच से गुजरने दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार आवाज उठाने के बाद भी अफसरों की मनमानी देखकर अब उनसे किसी तरह की उम्मीद करना बेमानी है। सरकार से अपील है कि भारी वाहनों को उत्तरी बाईपास से गुजरवाए और शहर में प्रवेश पर रोक लगाई जाए।
स्कूल के पास ही अंडरपास बना हुआ है। यहां बड़े वाहन यू-टर्न लेते हैं और सर्विस रोड पर आ जाते हैं। छुट्टी के समय बच्चों को रोकना पड़ता है, क्योंकि भारी वाहन रुकते नहीं हैं। सर्विस रोड पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही से बच्चों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। -
अमित राज लोधी, प्रबंधक, आरएबी गर्ल्स इंटर कॉलेज
छुट्टी के समय पांच से छह कर्मियों को बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सड़क पर लगाना पड़ता है। भारी वाहनों की रफ्तार इतनी तेज होती है कि कर्मियों को भी डर लगता है। बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाना स्कूल की जिम्मेदारी है लेकिन भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक जरूरी है। -
अर्पण झा, प्रधानाचार्य, होली पब्लिक प्राइमरी स्कूल
स्कूल के समय भारी वाहनों की निगरानी होनी चाहिए। छुट्टी के दौरान कोई भी बड़ा वाहन शहर में प्रवेश नहीं करना चाहिए। भारी वाहनों के लिए उत्तरी बाईपास बना हुआ है तो वहीं एक बैरियर लगा देना चाहिए कि कोई भी भारी वाहन शहर में प्रवेश ही न करे। -
मानवेंद्र सिंह, प्रधानाचार्य, पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज शाहगंज
भारी वाहनों का शहर में प्रवेश बंद होना चाहिए। शहर में यदि कोई व्यापारी सामान मंगवाता है तो उन वाहनों के लिए रात 12 बजे से सुबह पांच बजे तक का समय तय किया जा सकता है। हमारे कैंपस के ही दो छात्रों की मौत हो चुकी है। कॉलेजों के पास फुटओवर ब्रिज की व्यवस्था भी जरूरी है।
- डॉ. रवि शेखर शर्मा , कैंपस प्रभारी, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
कोचिंग के बाहर हाईवे व सर्विस रोड पर पूरा कट खुला हुआ है। भारी वाहन इसी कट से सर्विस रोड पर आ जाते हैं। कोचिंग की छुट्टी के समय बच्चों के लिए खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में एक कर्मचारी सड़क पर खड़ा होकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालता है। -
डॉ. ललितेश यादव, एकेडमिक हेड, बलूनी कोचिंग
उत्तरी बाईपास पर निकलने के बजाय शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों के चालान किए जाएं। टोल बचाने के लिए शहर के रास्ते का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई जरूरी है। तभी प्रवेश रुकेगा। हाईवे से गुजरने में हमें भी डर लगता है। -
पद्मा सिंह, प्रधानाचार्य, मुरारीलाल खत्री गर्ल्स इंटर कॉलेज