पति से झगड़े के बाद महिला ने आग लगाकर आत्महत्या कर ली। विवाहिता के परिवारवालों ने गांव पहुंचकर हंगामा किया। देर शाम तक दोनों पक्षों में समझौते की पंचायत चल रही थी।
थाना मंसुखपुरा के गांव करकौली निवासी संतोकी ने अपनी बेटी पूनम (20) की शादी पिनाहट के गांव सिकतरा निवासी रंजीत पुत्र उदय सिंह से एक साल पहले की थी। गुरुवार को पति से झगड़े के बाद पूनम ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। चीख पुकार पर परिवारवालों ने आग बुझाई और उसे सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसे आगरा भेज दिया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जानकारी पर विवाहिता के घरवाले भी आ गए। उन्होंने गांव पहुंचकर ससुरालियों के खिलाफ हंगामा किया। इसी बीच ससुरालीजन फरार हो गए। देर शाम तक थाने में समझौते की पंचायत चल रही थी।