एत्माद्दौला के इस्लाम नगर में बुधवार दोपहर तकरीबन एक बजे एक नाबालिग ने तेज गति से कार दौड़ा दी। तीन बालक कार की चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे के बाद कार नाले में जाकर पलट गई। घायल एक बालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इंस्पेक्टर का कहना है कि 16 वर्षीय किशोर कार चला रहा था। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
इस्लाम नगर निवासी अजान (7) पुत्र सलीम, उसका भाई रिजवान और सनी पुत्र इश्त्याख मोहल्ले में घरों के बाहर खेल रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तभी नाबालिग तेज गति से कार लेकर आया, जो अनियंत्रित हो गई। कार ने पहले चाऊमीन की ठेल में टक्कर मारी। उसके बाद अजान, सनी, रिजवान को चपेट में ले लिया। फिर कार पास के नाले में जा गिरी। घायल नाबालिग भाग गया। जानकारी पर लोगों में चीखपुकार मच गई। लोग तीनों घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे। अजान की हालत बिगड़ने पर उसे एसएन मेेडिकल कालेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया। वहां उसकी मौत हो गई। जानकारी पर परिवार में कोहराम मच गया। उसके पिता का चाय का खोखा है। अजान पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उधर, जानकारी पर आई पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला।
रिश्तेदार की कार मांगकर लाया था
इंस्पेक्टर ने बताया कि नाबालिग की घर के पास ही बिरयानी की दुकान है। शोभा नगर निवासी रिश्तेदार कार लेकर उसकी दुकान पर आया था। तभी नाबालिग ने कार में बैठकर गाने सुनने की बात कही। मगर, वह कार को स्टार्ट करके चलाने लगा। कार बेकाबू हो गई।