दन्नाहार (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के गांव जवापुर में दो बाइकों से आए छह हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर ईंट भट्ठा मजदूर की हत्या कर दी। मजदूर का साथी भी जान बचाकर भाग निकला। सनसनीखेज घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
थाना क्षेत्र के गांव दरबा निवासी इरमान पुत्र इंसाफ गांव रठेरा स्थित अजय यादव के भट्ठे पर मजदूरी करता था। शनिवार को अपराह्न करीब तीन बजे वह साथी शिवपाल के साथ घर आ रहा था।
जब वह गांव जवापुर स्थित प्रतीक्षालय के पास पहुंचा। तभी दो बाइक से आए छह युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दिया। इरमान के सीने में तीन गोलियां लगीं। इससे वह मौके पर ही ढेर हो गया। जबकि साथी शिवपाल चीखते-चिल्लाते जान बचाकर भागा।
वहीं गोलियों की तड़तड़ाहट से लोग दहल उठे। क्षेत्र में सनसनी फैल गई। उधर, वारदात को अंजाम देने के बाद भागते समय अचानक हमलावरों की एक बाइक खराब हो गई। इस पर वे यह बाइक वहीं छोड़ कर भाग निकले। हत्या की सूचना लगते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने मौका मुआयना करने के साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की माने तो हमलावरों को कुछ लोगों ने पहचान लिया है। उनकी तलाश की जा रही है।