मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र से एक मई को ले जाई गई युवती को आरोपी ने मुंबई में जाकर बेच दिया है। आरोपी युवती की मां से लगातार मुक्त करने के नाम पर 20 लाख की मांग कर रहा है। पुत्र की हत्या की धमकी भी दी जा रही है। शिकायतों के बाद भी कोतवाली पुलिस ने महिला की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। जिसके बाद पीड़िता ने एसपी से न्याय दिलाने की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती को एक जून को आरोपी युवक साथ ले गया था। जिसकी रिपोर्ट युवती के पिता ने दर्ज कराई थी मगर शातिर ने हाईकोर्ट से एफआईआर निरस्त करा दी थी। 11 जुलाई को किसी व्यक्ति ने महिला को फोन कर बताया कि आरोपी ने उनकी पुत्री को मुंबई में बेच दिया है। जानकारी मिलने के बाद वह आरोपी के घर गई मगर वहां ताला पड़ा हुआ था। महिला का आरोप है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है। पुलिसकर्मियों से भी उसकी जान पहचान है जिसके चलते पुलिस उसे परेशान कर रही है।
14 जुलाई को आरोपी ने फोन कर कहा कि उसने पुत्री से शादी कर ली है। अब वह उनका दामाद है कि इसलिए 20 लाख रुपये दो। अगर ऐसा नहीं किया तो पुत्र को अगवा कर हत्या कर देंगे। बेटी को बेचकर 20 लाख रुपये वसूल कर लूंगा। पीड़िता शिकायत लेकर थाने गई तो उसकी कोई सुनवाई नहीं की गई। मजबूर होकर पीड़िता बुधवार को एसपी राजेश एस से मिली।