मैनपुरी। राधारमन रोड पर मंगलवार दोपहर बाइक सवार टप्पेबाजों ने चालक को गाड़ी से तेल टपकने की बात कह कर रुकवा लिया। इसके बाद लैपटॉप पार कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को टप्पेबाजों के बारे में कोई जानकारी नहीं लग सकी है।
कोतवाली क्षेत्र बाईपास रोड पर किराए के मकान में रह रहे गोपाल जी डेयरी के डिप्टी मैनेजर प्रभात अग्निहोत्री मंगलवार दोपहर करीब दो बजे स्कार्पियो से फर्रुखाबाद जा रहे थे। कार उनका एक साथी रोबिन मिश्रा चला रहा था। गाड़ी जब भांवत चौराहा के पास सिगभनल पर पहुंची तभी बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने चालक को इशारा कर गाड़ी से तेल टपकने की बात कही।
प्रभात और रोबिन ने गाड़ी से बाहर निकल कर देखा तो बोनट पर काला तेल पड़ा हुआ था। सब कुछ ठीक पाने के बाद जब दोनों गाड़ी में बैठे तो देखा कि लैपटॉप का बैग चोरी हो चुका था। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की है।