करहल (मैनपुरी)। ग्राम बमटापुर में एक तालाब की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर शुक्रवार को राजस्व विभाग की टीम पैमाइश करने पहुुंची। मौके पर मौजूद महिलाओं ने टीम के सदस्यों को भागने पर मजबूर कर दिया।
गांव में एक तालाब की जमीन पर प्रधान के अवैध कब्जा करने की शिकायत तहसील के उच्चाधिकारियों को मिली थी। वहां राजस्व एवं चकबंदी विभाग की टीम को नापजोख करने भेजा गया। ताकि अवैध कब्जा होने की स्थिति में तालाब को मुक्त कराया जा सके।
जैसी ही टीम गांव में पहुंची और मौके पर जमीन की पैमाइश करने लगी तो कई महिलाओं की टोली ने टीम को धमकाया कि ये जमीन हमारी है और कोई पैमाइश नहीं होने दी जाएगी। हालांकि ग्राम प्रधान तो मौके पर नहीं पहुंचे लेकिन महिलाआें के बिगड़े तेवर देखकर टीम के सदस्य वहां से लौट आए।
एसडीएम महेश प्रकाश गुप्ता का कहना है कि अभी तक मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। इस बारे में पता करेंगे, अगर ऐसा कोई मामला हुआ है तो दोषियों के खिलाफ समुचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।