दिल्ली-आगरा हाईवे पर बुधवार दोपहर डीजल लेकर आगरा जा रहे टैंकर के हाईटेंशन बिजली लाइन के खंभे से टकराकर पलट गया। उसमें आग लग गई और टैंकर में बैठी तीन महिला सवारियां जिंदा जल गईं। चालक-क्लीनर समेत पांच लोग झुलस गए। लपटें इतनी विकराल थीं कि आसपास के लोग घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए। हाईवे पर यातायात रोक दिया गया। आग बुझाने और फिर से यातायात चालू करने में पुलिस को तीन घंटे लग गए।
हादसा दोपहर करीब 12:25 बजे फरह थाना क्षेत्र के गांव रैपुरा जाट के पास हुआ। आगरा के बरौली अहीर निवासी मंजू पत्नी श्रीकृष्ण, बबली पत्नी सुंदर, श्यामो पत्नी रामनाथ मौत हुई। यहीं की कुसमा पत्नी पप्पू, कमलेश पत्नी श्रीराम, सुशीला पत्नी बबुला, चालक जुगेंद्र निवासी बाजना नौहझील और क्लीनर बीनू झुलस गए। इन्हें आगरा-मथुरा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जुगेंद्र रिफाइनरी के पास हिंदुस्तान पेट्रोलियम के तेल डिपो से डीजल लेकर आगरा के लिए चला था। गेट नंबर नौ के बाहर उसने छह महिलाओं को टैंकर में बैठा लिया।
बताया गया कि रैपुराजाट के देवी मंदिर मोहल्ला के पास सर्विस लेन से गुजर रहे टैंकर काफी स्पीड में था। अनियंत्रित हुआ तो बिजली के खंभे से टकराकर पलट गया। डीजल सड़क पर फैलने लगा। बिजली तारों से निकली चिंगारी से फैले डीजल और टैंकर में आग लग गई। चालक, क्लीनर और तीन अन्य महिलाएं तो किसी तरह से निकल आईं, लेकिन बबली, मंजू और श्यामो टैंकर में रह गईं। आग इतनी भयंकर थी कि आधा किलोमीटर तक पूरे इलाके में धुआं छा गया। चपेट में आकर राजकुमार व जसवंत की दो भैंस व एक गाय मर गई।
एक्सप्रेस वे पर रोडवेज में लगी आग
मांट(मथुरा)। यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार को सुबह नोएडा से आगरा जा रही रोडवेज की सीएनजी बस में आग लग गई। चालक-परिचालक सहित दो दर्जन से अधिक यात्रियों ने कूदकर जान बचाई। बस अंबेडकर नगर निवासी राजेश कुमार उपाध्याय चला रहा था। बस में परिचालक और 26 सवारियां थीं। जाबरा टोल प्लाजा स्थित कैंटीन पर खाना खाने के बाद सुबह 11 बजे राजेश बस लेकर आगे चला। थाना मांट क्षेत्र में माइलस्टोन 103 के निकट गैस लीक होने से बस में आग लग गई। सूचना पर एक्सप्रेसवे और फायर स्टेशन से आई दमकलों नेआग बुझाई। यात्रियों को दूसरे वाहनों से आगरा भेजा गया।